नारनौल। जिले में वीरवार रात चली तेज आंधी ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। एक ही रात में 557 लोगों ने बिजली की शिकायत दर्ज करवाई। कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। कहीं रातभर बिजली गुल रही तो कहीं देर रात तक अंधेरा छाया रहा।
शहर के जमालपुर, मिश्रवाड़ा, सलामपुरा, भूप कॉलोनी, श्याम कॉलोनी, रामकरण दास कॉलोनी और पंचमुखी कॉलोनी में शाम करीब सात बजे बिजली गुल हो गई जो रात करीब 12 बजे के बाद बहाल हो सकी। इन इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
वहीं सीआईए रोड और पुरानी मंडी के कुछ हिस्सों में बिजली शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तक ठप रही। इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को करीब 15 घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी आंधी का असर देखने को मिला। नांगल चौधरी, निजामपुर और अटेली खंड के विभिन्न गांवों में दो से तीन घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं।
निगम अधिकारियों के अनुसार अब तक करीब 300 खंभों की मरम्मत का कार्य पूरा किया जा चुका है। शेष खंभों की मरम्मत 31 मई तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। जिन स्थानों पर नए खंभे नहीं लगाए जा सके हैं वहां वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति चालू रखी गई है।
अप्रैल में 200, मई में 300 खंभे टूटे
बिजली निगम के अनुसार, अप्रैल से जून तक आंधी से खंभे और पेड़ गिरने की घटनाएं लगातार बढ़ जाती हैं। इस वर्ष अप्रैल में करीब 200 और मई में अब तक करीब 300 बिजली के खंभे टूट चुके हैं। इसके अलावा, 10 से 12 ट्रांसफार्मर भी खराब हुए हैं। इससे निगम को करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
शहरी क्षेत्र में आईं सबसे ज्यादा शिकायतें
आंधी के बाद बिजली संबंधी शिकायतों में भी तेजी से बढ़ोतरी हुई। जिलेभर से कुल 557 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सबसे अधिक 274 शिकायतें नारनौल शहरी क्षेत्र से प्राप्त हुईं। बिजली निगम की टीमों ने रातभर विभिन्न इलाकों में पहुंचकर आपूर्ति बहाल करने का कार्य किया।
वर्जन :
आंधी के कारण कुछ समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली लाइन में आए फॉल्ट को कर्मचारियों ने जल्द से जल्द ठीक कर बिजली आपूर्ति को बहाल किया। अब बिजली आपूर्ति सुचारू बनी हुई है।
-शिवराज सिंह, कार्यकारी अभियंता, बिजली निगम, नारनौल