नारनौल। क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से आपराधिक घटनाएं दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। नारनौल सहित आस-पास का क्षेत्र अपनी अलग पहचान रखता है। पिछले कुछ दिनों से चेन स्नेचिंग, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। गत बुधवार को शहर के मानक चौक पर एक व्यापारी पर गोली चलने की घटना भी हुई थी।
स्थानीय लोगों ने कहा कि नारनौल में जिस तरह से आपराधिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। इस पर प्रशासन को लगाम लगाने के लिए कुछ ठोस कदम उठाने चाहिए। लोगों ने प्रशासन से प्रमुख चौराहो, बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस चौकसी की मांग की हैं, ताकि आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले अपराधियों को त्वरित कार्रवाई करते हुए पकड़ा जा सके।
क्षेत्र में अवैध हथियारों की तस्करी लगातार बढ़ रही है। पुलिस द्वारा अवैध हथियारों की तस्करी और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए ताकि आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाई जा सकें और क्षेत्र के लोगों को सुरक्षात्मक माहौल मिले।
शहर और आस-पास क्षेत्र में पिछले छह माह के दौरान चेन स्नेचिंग, लूटपाट की कई घटनाएं सामने आई हैं। आजाद चौक के एक व्यापारी से पुरानी मंडी अंडरपास के पास बदमाशों द्वारा लूटपाट की गई थी। महता चौक, प्रमुख बाजारों में खरीददारी करने वाली महिलाओं से चेन स्नेचिंग की दर्जनों घटनाएं दर्ज हुई हैं। घर और संस्थान के आगे से बाइक चोरी होना तो आम बात है।
-संदीप नूनीवाल, जिला महासचिव हरियाणा व्यापार मंडल
क्षेत्र के युवा हर खेल, शिक्षा और कला के क्षेत्र में नाम रोशन कर रहें हैं। लेकिन यह भी सत्य है कि क्षेत्र के युवाओं की आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता बढ़ी हैं। महंगी शिक्षा और बढ़ती बेरोजगारी के कारण युवा अपराध जगत में कदम रख रहें हैं। असामाजिक कार्यों में संलिप्त लोग पर्दे के पीछे से युवाओं को गुमराह कर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिलवाते हैं। इसलिए आपराधिक कृत्यों और उससे होने वाली हानि के बारे में युवाओं को जागरूक करना जरूरी हैं।
-डॉ. अंजू रानी, प्रोफेसर राजकीय महिला महाविद्यालय नारनौल।
हमारा क्षेत्र शांतिपूर्ण क्षेत्र के रूप में पहचान रखता है, लेकिन आज व्यापारी वर्ग अपने व्यापार को आगे बढ़ाने के लिए जितना संघर्ष कर रहा हैं। उससे ज्यादा चिंतित व्यापार की सुरक्षा को लेकर है। प्रशासन से अपील है कि प्रमुख चौराहो, प्रमुख बाजारों सहित शहर के अनेक स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने चाहिए।
-बजरंग लाल अग्रवाल, जिला अध्यक्ष हरियाणा व्यापार मंडल