महेंद्रगढ़। स्ट्रीट लाइट व्यवस्था बदहाल होने से शहर की कई प्रमुख मार्गों और कॉलोनियों में शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। खराब पड़ी लाइटों और नए स्थानों पर लाइटों की कमी के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात के समय अंधेरे से दुर्घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ गई हैं।
बता दें कि रात को टीम की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में स्ट्रीट लाइटों की पड़ताल की गई। रात को 8 बजे ही पूरा शहर अंधेरे में डूबा दिखा। घरों की निजी लाइटों से शहर में कुछ रोशनी हो रही है।
कुछ स्थानों पर तो स्ट्रीट लाइटें लगी ही नहीं हैं जबकि कई जगह लगी हुई लाइटें खराब पड़ी हैं। इनमें मुख्य रूप से गोशाला रोड, मसानी चौक, सिनेमा रोड, मोदाश्रम रोड, धौलपोश गोशाला रोड, ऑटो मार्केट, कॉलेज रोड में रोशनी की कोई व्यवस्था नहीं है।
इन इलाकों से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। पैदल चलने वालों और वाहन चालकों दोनों को ही परेशानी हो रही है। अंधेरे के कारण सड़कों पर गड्ढे और अन्य बाधाएं दिखाई नहीं देतीं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
अशोक कुमार, उत्तम सैनी, दीपक, दुलीचंद आदि ने बताया कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग की है।
घरों और महिलाओं की सुरक्षा पर खतरा रात के समय सड़कों पर अंधेरा होने से महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है। साथ ही अगर कहीं बाहर जाना पड़े तो चोर भी अंधेरे का फायदा उठाकर घर में हाथ साफ कर सकते हैं। सड़कों पर रोशनी न होने से राहगीरों को ठोकर लगने या गिरने का डर बना रहता है।
-
शहर में 2500 स्ट्रीट लाइटों की जरूरत
शहर की आबादी और क्षेत्रफल के अनुसार फिलहाल करीब 2500 स्ट्रीट लाइटों की आवश्यकता है। अगर मुख्य स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएं तो शहर जगमग हो सकता है। नागरिकों ने बताया कि अब तक शहर के कुछ हिस्सों में लाइटें ही नहीं लगाई हैं। हर बार नगर पालिका की ओर से खानापूर्ति करके कार्य पूरे कर दिए जाते हैं। कुछ स्थानों पर लगाई थी उनमें से अधिकतर खराब हो चुकी है। नगर पालिका को लोगों की सुरक्षा के लिए जल्द खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराना चाहिए।
-
- वर्जन
स्ट्रीट लाइटों के लिए योजना तैयार की जा रही है। शहर को रोशन करने के लिए 2 हजार स्ट्रीट लाइटों का एस्टीमेट तैयार किया जाएगा। इसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी कर आवश्यकतानुसार शहर में स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।
- मेश सैनी, प्रधान, नगर पालिका, महेंद्रगढ़
फोटो संख्या:54- स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सिनेमा रोड पर छाया अंधेरा--संवाद
फोटो संख्या:54- स्ट्रीट लाइट नहीं होने से सिनेमा रोड पर छाया अंधेरा--संवाद