दोहान नदी के किनारे मोदाश्रम के पास शुक्रवार रात बदमाशों ने बाइक सवार को रोक कर पीटा और बाइक छीनकर भाग गए। आरोप है कि बदमाशों ने हवाई फायर भी किया। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डुलाना गांव निवासी अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार रात 10 बजे अपने चचेरे भाई विक्रम को लेकर शहर से बाहर दोहान नदी के पास से गुजर रहा था। उसी दौरान सड़क के बीच खड़े होकर 8-10 नकाबपोश युवकों ने उन्हें रोका। उनमें से दो-तीन युवक ने उसे पकड़ लिया। बाकी युवकों ने उसके भाई विक्रम को पकड़कर पैसा निकालने को कहा। उन्होंने विरोध जताया तो एक युवक ने हवाई फायर कर दिया। इन लुटेरों ने 15 हजार रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस, कैटीन कार्ड और पैन कार्ड छीन लिया। विक्रम के पास दो एटीएम कार्ड भी थे।
बदमाशों ने किसी नुकीले हथियार से विक्रम के दाहिने हाथ पर घाव कर दिया। तभी सड़क पर दूसरी साइड से वाहन आता देख बदमाश भाग निकले। घायल विक्रम का इलाज गुड़गांव के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में एएसआई सुशील कुमार ने बताया कि अजय कुमार के बयान पर रास्ता रोक कर हथियार से चोट मारना, डकैती और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।