कनीना। बहुजन समाज पार्टी ने स्थानीय विधायक एवं मंत्री आरती सिंह राव पर विधानसभा चुनाव में किए गए वायदे पूरे न करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने घोषणा की है कि एक नवंबर से वायदे पूरे करो, वरना गद्दी छोड़ो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
यह ऐलान बसपा नेता और अटेली से पूर्व विधायक प्रत्याशी अतरलाल एडवोकेट ने गांव रातां में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किया।अतरलाल ने कहा कि किसी जनप्रतिनिधि के कामकाज को परखने के लिए दो साल का समय काफी होता है। उनके अनुसार मंत्री अटेली क्षेत्र के लोगों से किए वायदे पूरे करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत विपक्षी दल के नाते बसपा जनता के मुद्दों पर आंदोलन करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान अटेली को उपमंडल और दौंगड़ा अहीर को उपतहसील बनाने तथा अटेली क्षेत्र में आईएमटी स्थापित करने का वायदा किया गया था। युवाओं और खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम और साई सेंटर बनाने की बात भी कही गई थी।
बसपा नेता ने बताया कि बिहाली, तिगरा, मिर्जापुर बाछौद, कनीना और सेहलंग को सांस्कृतिक गांव बनाने तथा सेहलंग और भोजावास के सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड करने का वायदा भी अधूरा है। पड़तल, मोड़ी और उच्चत को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना में विकसित करने और बाघोत, स्याणा व नौताना को धार्मिक पर्यटन स्थल बनाने की बात भी पूरी नहीं हुई।
इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग 152डी पर सेहलंग-बाघोत के बीच चढ़ने-उतरने के लिए कट बनाने, कनीना में लेबर ऑफिस खोलने और कांटी-खेड़ी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण पूरा कराने की मांग उठाई। मोहलड़ा, रातां, बोचड़िया और गणियार के बीच वेटरनरी कॉलेज व बड़ा पशु अस्पताल बनाने और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की भी मांग रखी गई।
अतरलाल ने कहा कि दो साल बाद भी काम न होने से क्षेत्र के लोगों में निराशा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर संपर्क अभियान चलाने और जनसमस्याएं प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। बैठक में राकेश यादव, दान सिंह प्रजापत, कैलाश सेठ, भाग सिंह चेयरमैन, राजाराम सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।