नारनौल। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने प्रदेश में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने पर उन्हें नशे से दूर रखने की मुहिम चलाई है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने पुलिस विभाग के विभिन्न खेलों से जुड़े कर्मचारियों को जिले के चिह्नित 80 गांवों में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के युवाओं को खेलों की तरफ बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस में कार्यरत रिटायर्ड एसपीओ, जिनकी उम्र 50 साल से कम है या सेना व पैरामिलिट्री के खेलों में अपनी सेवाएं दे चुके हैं, उन्हें जिले के 80 चिह्नित गांवों में नियुक्त किया गया है।
नशे से युवाओं को उबारने के लिए खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। नियुक्त किए गए एसपीओ को निर्देश दिए गए हैं कि वो गांव के मैदान में खेल गतिविधि कराते हुए युवाओं को खेलों से जोड़ेंगे। जिला पुलिस का प्रथम कार्य युवाओं को राष्ट्र निर्माण व समाज निर्माण में अपनी भागीदारी बढ़ाना और खेलों के द्वारा अपनी प्रतिभा से सफलता प्राप्त करना है। इस मुहिम के संबंध में पुलिस अधीक्षक व उप पुलिस अधीक्षक ने अलग-अलग बैठक कर पुलिस में कार्यरत खिलाड़ियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।