कनीना। राजकीय कन्या महाविद्यालय उन्हानी में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर विभिन्न खेल गतिविधियां कराई गईं। छात्राओं ने दौड़, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य डॉ. विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं को नियमित खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित किया गया।
खेल प्रभारी डॉ. सुषमा यादव ने छात्राओं को खेल भावना की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल स्वस्थ जीवनशैली के साथ अनुशासन और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक हैं। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। इस दौरान महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। संवाद