पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने शुक्रवार को स्थानीय लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में डीएसपी, जिले के सभी एसएचओ तथा चौकी प्रभारियों की बैठक ली।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने थानों में पेंडिंग मुकदमों का ब्यौरा मांगा व थानों में पेंडिंग केसों की बारीकी से समीक्षा करते हुए सभी से मुकदमों के हालातों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चोरी जैसे मुकदमों की जांच में ओर तेजी लाएं, केस की फाइल को बंद करके न रखें। चोरी के मामलों में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को कड़ी फटकर लगाते हुए कहा कि हर तरह से पूरे प्रयास करके आरोपी को गिरफ्तार करें और मुकदमों की तफ्तीश पूरी करके समय पर चालान बनाकर न्यायालय में देें। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाने में आने वाले पीड़ित की दरखास्त को पेंडिंग ना रखें, अगर किसी कर्मचारी ने परिवाद अपने पास लम्बित रखी और पीड़ित उनके पास यह शिकायत लेकर आया की उसकी परिवाद पर कोई कार्यवाही नहीं हुई तो उस पुलिस कर्मचारी अधिकारी के खिलाफ भी विभागीय कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने उपस्थित थाना प्रभारियों को गश्त करने पर दिया जोर देते हुए कहा कि सर्दी के मौसम में अपराधी अपराध करने की फिराक में रहते है धूंध व सर्दी का फायदा उठाकर आसानी से अपराध करके निकल जाते हैं। इसीलिए सभी एसएचओ अपने थाना क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा गश्त लगाएं।