पेडिंग मामलों को जल्द निपटाएं
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने सोमवार की शाम रघुनाथपुरा पुलिस फायरिंग रेंज पर जिले के सभी डीएसपी और एसएचओ की बैठक ली।पुलिस अधीक्षक ने बैठक में एसएचओ को पहले ही पेंडिंग मुकदमों की फाइल लेकर आने के आदेश दिए थे। पेंडिंग मुकदमों की फाइलों का पुलिस अधीक्षक ने बारीकी से अवलोकन किया और सभी एसएचओ को जल्द से जल्द पेंडिंग पड़े मुकदमों का निपटारा करने व मुकदमों के आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को चोरी व पशु चोरी की घटनाओं को रोकने के लिये गांवों के सरपंच से मिलकर गांव में ठीकरी पहरा लगवाने की बात कही। ताकि चोरी की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि थाने में आने वाली दरखास्त पर तुरंत कार्यवाही करे। थाने में आने वाले पीड़ित व्यक्ति की मद्द करके उसका पूरा सहयोग करे, वहीं पीड़ित को थाने के बार-बार चक्र लगवाकर उसे परेशान न करे। अगर पीड़ित व्यक्ति द्वारा उन्हेें कार्यवाही न होने की शिकायत मिली तो उस पुलिस कर्मचारी, अधिकारी से जवाब तलब करने के साथ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा रात के समय गश्त करें। वाहनों की चेकिंग करे। ओवरलोड वाहनों पर बंदिश रखे। वहीं अपने-अपने थाना क्षेत्र में अवैध शराब बेचने वालों पर भी शिकंजा कसे। पुलिस अधीक्षक ने महिला थाना एसएचओ सरोज बाला को आदेश दिए की हर रोज महिला स्कूल व कालेजों के खुलने के बाद उनके पास गश्त करें और वहां घूमने वाले आवारा लड़कों पर शिकंजा कसे। बैठक में डीएसपी महेश कुमार, महेंद्रगढ़ डीएसपी ब्रह्मसिंह, रीडर सुरेंद्र, स्टेनो नारायण व पीआरओ नरेश कुमार आदि उपस्थित थे।