पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने वीरवार को अपने कार्यालय में जिला पुलिस की ओर से गठित शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील करना और आमजन व पुलिस सहयोग को मजबूत करना था। उन्होंने शांति समिति के सदस्यों को बैठक का उद्देश्य बताया और सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने बैठक में आए सभी शांति समिति के सदस्यों से विधानसभा चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। वह आपराधिक मामलों, अवैध शराब बेचने वालों, नशा करने और नशीले पदार्थों का कारोबार करने वालों की सूचना संबंधित थाना प्रबंधक और डीएसपी को दें या फिर सीधे उनके फोन पर दे सकते हें। अपने क्षेत्र में अपराध पर रोकथाम लगाने में पुलिस की मदद करें। बैठक में आमजन को अफवाह-भ्रामक सूचनाओं के प्रचार-प्रसार से बचने के लिए जागरूक किया गया। बैठक में भाग लेने वाले सदस्यों के साथ संवाद कर समस्याओं की जानकारी ली गई व उनसे सुझाव भी मांगे गए। उन्होंने कहा कि अराजकता फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में कमेटी के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित जानकारी दी। इसके साथ ही पिछली बैठक के बिंदुओं पर किए गए समाधान के बारे में चर्चा करते हुए कमेटी के सदस्यों ने अपने-अपने विचार व्यक्त कर प्रतिक्रिया देते हुए संतोष जताया। इस मौके पर जिले की शांति कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।