पुलिस व गो तस्करों के बीच शुक्रवार की रात को मुठभेड़ हुई। तस्करों ने पुलिस की गाड़ियों पर फायरिंग की तो पुलिस ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की। पुलिस ने इस मुठभेड़ में एक गो तस्कर को पकड़ने में सफलता पायी जबकि चार लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये। वहीं पुलिस ने कैंटर को जब्त कर 21 गायों को मुक्त कराया। इस तरह की मुठभेड़ पिछले साल भी नौ अगस्त 2016 को भी हुई थी।
शुक्रवार की रात डीजीपी हरियाणा के आदेश पर पूरे प्रदेश में नाइट डोमिनेशन में चेकिंग अभियान चलाया गया था। जिला पुलिस से भी पुलिस अधीक्षक हमीद अख्तर व 3 डीएसपी समेत 250 पुलिस कर्मचारी रोड पर गश्त कर रहे थे। रात करीब एक बजे निजामपुर चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ देवी लाल चौक पर मौजूद थे कि तभी राजस्थान की तरफ से इन्हें एक कैंटर आता दिखाई दिया। जिसको पुलिस ने रुकवाकर चेक करने की कोशिश की तो वाहन चालक ने पुलिस गाड़ी पर फायर कर दिया। फायर करने के बाद वह नांगल चौधरी की तरफ कैंटर भगा ले गया। इस पर चौकी इंचार्ज ने तुरंत कंट्रोल रूम को इसकी जानकारी दी। कंट्रोल रूम ने तुरंत वीटी करके पूरे जिले को अलर्ट कर दिया व इनकी जानकारी पुलिस अधीक्षक को भी दी।
वीटी सुनकर सीआईए टीम व डीएसपी राजेश ने किया कूच
पुलिस अधीक्षक ने तुरंत चौकी इंचार्ज किरपाल सिंह से इसकी जानकारी ली और कहा कि आप केंटर के पीछे लगे रहे हम आ रहे हैं। वहीं वीटी सुनकर सीआईए टीम व अन्य पुलिस पार्टी डीएसपी राजेश समेत घटना स्थल की तरफ रवाना हो गये। चौकी इंचार्ज कैंटर का पीछा करते रहे, तब कैंटर चालक धोलेड़ा की तरफ भागने लगा और इस दौरान कैंटर से रुक-रुक पुलिस गाड़ी पर फायर भी होते रहे। चौकी इंचार्ज इसकी जानकारी कंट्रोल रूम को देता रहा। इस दौरान वाहन चालक ने कैंटर तेज रफ्तार से भगाकर पुलिस की आंखों से ओझल हो गया।
पुलिस अधीक्षक भी पहुंच गए मौके पर
सीआईए टीम व पुलिस अधीक्षक टीम अन्य गश्त दल भी रात को मौके पर पहुंची। चारों ओर से इलाके को घेर कर तलाश शुरू की तो वही गाड़ी धोलेड़ा क्रेशर जोन पर खड़ी दिखाई दी। पुलिस दल को आता देख कैंटर में मौजूद चार-पांच लोगों ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। सीआईए टीम ने भी पुलिस कर्मचारियों के बचाव में फायरिंग की। इस पर कैंटर चालक फिर कैंटर को निजामपुर की तरफ भगा ले गया और पुलिस पर फायर करता रहा।
केंटर चालक ने सीआईए की गाड़ी को मारी टक्कर
सीआईए पुलिस ने अपनी गाड़ी कैंटर से आगे निकालनी चाही तो केंटर चालक ने गाड़ी को अचानक साइड मार दी। जिससे सीआईए गाड़ी पलटती पलटती बची और खेतों में जा घुसी। सभी गाड़ियां कैंटर चालक के पीछे लगी रही तभी कैंटर चालक ने अपने कैंटर को निजामपुर फाटक से पहले नापला गांव के कच्चे रस्ते की तरफ दौड़ा दिया।
फायर करते हुए भागे युवा
आगे रास्ते में अवरोध होने पर गाड़ी रोक कर गाड़ी से चार-पांच नौजवान लड़के उतरकर फायर करते हुए भाग लिए। पुलिस ने उनका पीछा किया तो वो नजदीक सरसों के खेत में घुस गये।
सरसों के खेत से एक आरोपी काबू
काफी तलाश करने पर एक आरोपी सरसों के खेत में छुपा दिखाई दिया। जिसको सीआईए व पुलिस अधीक्षक एस्कोर्ट टीम ने घेर कर पुलिस अंजुम पुत्र उमर मोहम्द वासी मेवअली मेवात को मौके पर ही दबोचने में कामयाब रही। जिसकी तलाशी लेने पर आरोपी के पास एक देशी कट्टा भी बरामद हुआ।
कैंटर से पुलिस ने बरामद की 21 गायें
आरोपियों द्वारा केंटर गाड़ी को छोड़ भागने पर गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से 21 गायें पुलिस को मिली। सभी गायों के पांव व मुंह रस्सियों से बुरी तरह बांध रखा था। वहीं ऊपर से तिरपाल भी ढक रखा था, ताकि पुलिस को शक न हो। सभी पशुओं को मुक्त कराकर अनाथ गोशाला नारनौल में छोड़ा गया है।
राजस्थान से जा रहे थे मेवात
पूछताछ पर आरोपी ने बताया कि राजस्थान से गायें भरकर मेवात जा रहे थे। उसके साथ आरिफ, निसार, आरिफ उर्फ डाला व यूनुस भी साथ थे। उसने बताया कि एक रात के 4 हजार रुपये मिलते हैं। उसका काम भी पुलिस को सूचना मिलने पर पीछा करने वाली पुलिस को रोकना है।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के अलावा अन्य फरार चारों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी अंजुम को रविवार को न्यायालय में पेश किया जायेगा।
नौ अगस्त 2016 को भी हुई थी मुठभेड़
पिछले वर्ष 9 अगस्त को गांव मोड़ी में भी इसी तरह गो तस्करों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। जिसमें एक गोतस्कर को पुलिस ने मार गिराया था और 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
--
फरार आरोपियों किसी भी सूरत में बच कर नहीं जा पाएंगे। आरोपियों को पकड़ने के लिए निजामपुर व इसके आस पास क्षेत्र में नाकाबंदी की गई है। आरोपियों की तलाश में सीआईए व नांगल चौधरी पुलिस की टीम लगी हुई है। रात में हुए मुठभेड़ में दोनों तरफ से हुई फायरिंग में किसी भी पुलिस कर्मचारी को गोली नहीं लगी है। भागे गए आरोपियों में से यह नहीं कहा जा सकता की कोई घायल हुआ है या नही हामिद अख्तर, एसपी, नारनौल