फोटो 14 पुलिसकर्मी को सम्मानित करते एसपी। स्रोत: पुलिस
नारनौल। पुलिस अधीक्षक दीपक ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में 6 पुलिस कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन सभी अनुसंधानकर्ताओं ने पिछले महीने त्वरित कार्रवाई करते हुए बहुत ही कम समय में गुमशुदा नाबालिग बच्चों को सकुशल ढूंढ निकाला और उन्हें उनके परिजनों से मिलाया था।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों की मुस्तैदी की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों से जुड़े मामले बेहद संवेदनशील होते हैं और ऐसे मामलों में समय रहते की गई कार्रवाई सबसे महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में उत्कृष्ट और अनुकरणीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को समय-समय पर इसी तरह सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के पुरस्कारों से सराहनीय कार्य करने वाले कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है, जिससे दूसरे कर्मचारियों को भी पूरी निष्ठा और लगन से काम करने की प्रेरणा मिलती है।
इस दौरान उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि वे गुमशुदगी और विशेषकर नाबालिगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दें। सूचना मिलते ही तुरंत एक्शन मोड में आएं ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।