नारनौल। सर्दी के मौसम को देखते हुए लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन की ओर से जिले में 6 रैन बसेरे चलाए जा रहे हैं। डीसी मोनिका गुप्ता ने बताया कि शहरी निकाय विभाग की ओर से बस स्टैंड नारनौल व नागरिक अस्पताल के पास, अटेली शहर में नगरपालिका के पुराने भवन में स्थित सामुदायिक केंद्र में, महेंद्रगढ़ शहर में नगरपालिका भवन में, नांगल चौधरी में चौधरी बैजनाथ कॉम्प्लेक्स व कनीना शहर में पुराने नगरपालिका भवन में जरूरतमंदों व निराश्रितों के ठहरने के लिए रैन बसेरे चलाए जा रहे हैं।
डीसी ने कार्यकारी अधिकारी, संबंधित सचिव नगर परिषद व नगरपालिका को निर्देश दिए हैं कि इन रैन बसेरों में गरीबों व निराश्रितों के लिए पर्याप्त मात्रा में चारपाई, गद्दे, रजाई, कंबल, चाय, पीने के पानी, टॉयलेट्स इत्यादि की व्यवस्था व प्रत्येक शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर इन रैन बसेरों की लोकेशन से संबंधित साइन बोर्ड लगवाना सुनिश्चित करेंगे। इसके अलावा सिविल सर्जन जिला रेडक्रॉस समिति को एक एम्बुलेंस उपलब्ध करवाएंगे। इसके माध्यम से जिला रेडक्रॉस समिति के स्वयंसेवकों के साथ नारनौल शहर में रात 7 बजे से रात 9 बजे गश्त करवाकर निराश्रितों को इन रैन बसेरों में पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी भी रात के समय घूमने वाले निराश्रितों को इन रैन बसेरों में पहुंचाएंगे ताकि शहर में घूमने वाले निराश्रितों को इन रैन बसेरों में पहुंचाया जा सकें। सर्दी के मौसम में उनको किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े।