महेंद्रगढ़। क्षेत्र के गांव जाटवास निवासी सिमरन ने यूपीएससी में 218 वीं रैंक लेकर अपने माता-पिता व जिले का गौरव बढ़ाया है। उनका जन्म गांव जाटवास में हुआ। सिमरन ने 12वीं परीक्षा की पढ़ाई दिल्ली से पूरी की है। सिमरन ने कहा कि यूपीएससी में सफलता हासिल कर दादा का सपना पूरा कर दिया है।
सिमरन के चचेरे भाई सुरजीत सिवाच ने बताया कि सिमरन शुरू से पढ़ाई में अव्वल रही है। उनके पिता दुष्यंत सिवाच दिल्ली में सरकारी वकील हैं व माता पुष्पा सिवाच चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की सदस्य हैं।
उन्होंने बताया कि सिमरन के दादा चौधरी होशियार सिंह जिला पंचायत विकास विभाग से सेवानिवृत्त हैं। दादा का सपना था कि उनकी पोती बड़ी अधिकारी बनकर जिले का गौरव बढ़ाए। दादा के इसी सपने को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके चाचा देवेंद्र सिवाच, दादा चौधरी होशियार सिंह व गांव के लोगों ने सिमरन को बधाई दी है।