महेंद्रगढ़। शनिवार को यादव धर्मशाला में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई। बतौर मुख्यातिथि स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने शिरकत की।
आरती राव ने नागरिकों को जन्माष्टमी की शुभकामना दी। कहा कि श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, न्याय और सेवा का संदेश देता है। हम श्रीकृष्ण के वंशज हैं। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर कर्म करते रहना चाहिए। फल की इच्छा नहीं करनी चाहिए। मुख्य अतिथि ने निजी कोष से यादव सभा को 31 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री ने गांव रिवासा गांव में 15 लाख रुपये की लागत से तैयार इंडोर जिम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं, ताकि ग्रामीण अंचल में युवाओं को अधिक से अधिक आगे बढ़ने के अवसर मिल सके।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग को तैयार है। इस अवसर पर यादव सभा एवं बार एसोसिएशन के साथ-साथ विभिन्न ग्राम पंचायतों व सामाजिक संगठनों की ओर से स्वास्थ्य मंत्री को मांग पत्र भी सौंपे गए। कार्यक्रम के दौरान महेंद्रगढ़ निवासी लोकेश को छह बार नेट की परीक्षा उत्तीर्ण करने व अनामिका ने नीट पास करने पर सम्मानित किया गया।
साथ ही अंकिता श्योरान को यूपीएससी परीक्षा पास करने पर उसके परिजनों को भी सम्मानित किया। यादव सभा के प्रधान अभयराम ने कहा कि राव तुलाराम एक महान योद्धा थे। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आईएमटी और आईआईटी जैसे विकास की इस लड़ाई में आपने इलाके की आवाज विधानसभा में बुलंद की उसके लिए आपका धन्यवाद करते हैं।
विभिन्न संगठनों, ग्राम पंचायतों की ओर से स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला प्रधान यतेंद्र राव, पार्षद वचनाई नाथ, पार्षद संतोष पीटीआई, यादव सभा प्रधान एडवोकेट अभयराम यादव आदि मौजूद रहे।