फोटो 16अटेली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह।सं
मंडी अटेली। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने शुक्रवार को अटेली में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अटेली की विधायक खुद प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री हैं, फिर भी यहां के अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की भारी कमी है।
उन्होंने कहा कि मरीजों को सही इलाज नहीं मिलता और उन्हें बार-बार बड़े अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल का काम इलाज करना है, रेफर करना नहीं। कहा, गंभीर बीमारी में हजारों लोगों को नारनौल, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली जाना पड़ता है। उन्होंने अस्पताल में डॉक्टर, स्टाफ, दवाइयां और जरूरी उपकरण तुरंत उपलब्ध कराने की मांग की।
कानून-व्यवस्था और महंगाई पर चिंता
राव नरेंद्र सिंह ने प्रदेश में अपराध, रंगदारी और फिरौती की घटनाओं पर चिंता जताई। उनके मुताबिक आम लोगों और व्यापारियों में डर का माहौल है और सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। महंगाई पर उन्होंने कहा कि खाने-पीने की चीजों से लेकर रसोई गैस तक ने घर का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने सरकारी डिपो के तेल के दाम बढ़ने और राशन व बीपीएल कार्ड की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया।
वोट चोरी पर भी बोले
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सबसे जरूरी है और कांग्रेस वोट चोरी व चंदा चोरी का मुद्दा लगातार उठाएगी। उन्होंने राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी, मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम और राम मंदिर के नाम पर चंदे से जुड़े सवालों पर भी पारदर्शिता की मांग की।
कार्यकर्ताओं से गांव-बूथ तक जाने की अपील
मुंडावर विधायक ललित यादव ने राव नरेंद्र सिंह को प्रदेशाध्यक्ष के रूप में एक साल पूरा होने पर बधाई दी। उन्होंने मौजूदा विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और बूथ-बूथ जाकर जनता से संवाद करने को कहा।