रोडवेज बस स्टैंड के पास शुक्रवार रात करीब साढे़ नौ बजे 23 वर्षीय युवक को बाइक सवारों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायल युवक का उपचार जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में चल रहा है। जहां चिकित्सकों ने आपरेशन कर गोली निकाल दी है। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने घायल के बयान पर तीन नामजद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास की दुकानों से सीसीटीवी फुटेज लेकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में मोहल्ला पुरानी सराय निवासी राहुल सैनी ने बताया कि उसकी किला रोड पर मुस्कान पिज्जा नाम से दुकान है। शुक्रवार रात आठ बजे बाइक से कैलाश नगर दोस्त प्रकाश के पास कपड़ों का बैग लेने गया था। बैग लेकर करीब साढे़ नौ बजे बस स्टैंड के पास विवेक होटल के पास बर्गर की रेहड़ी पर बर्गर खाने लगा। इसके बाद जब बाइक पर घर जाने लगा तो एक बाइक पर तीन युवक आए और उसे रोक लिया। पीड़ित ने बताया कि उक्त बाइक पर लोकेश मोहनपुर, लोकेश भाखरी व केडी जाट बैठा हुआ था। बीच में बैठे केडी जाट ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली राहुल की कमर में लगी। फायरिंग की आवाज सुन कर आसपास खड़े लोग उस तरफ दौड़े। लोगों को देखकर बाइक सवार युवक फरार हो गए। मौके पर उपस्थित लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। घायल को उपचार के लिए नारनौल के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परंतु परिजन बेहतर इलाज के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे दाखिल कर इलाज के दौरान आपरेशन कर गोली बहार निकाल दी है। इस बीच पुलिस ने अस्पताल में पहुंच कर राहुल के बयान दर्ज कर तीन नामजद पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी अभय सिंह ने बताया कि पास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है। फायरिंग की वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ में पीड़ित ने आरोपियों से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। सभी बातों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
बता दें कि नए एसपी दीपक सहारण शुक्रवार को ही नारनौल पहुंच गए थे। जहां एसपी रुके थे उससे करीब 200 मीटर पर यह वारदात हुई। नए एसपी ने शनिवार को कार्य भार संभाल लिया है। उन्होंने एसएचओ समेत अन्य के साथ बैठक की।