फोटो संख्या:-56 गांधी मार्केट में रोड पर खड़े वाहन। संवाद
महेंद्रगढ़। शहर के बाजारों में दुकानों के बाहर लगे स्टॉल के कारण सड़कें लगातार संकरी होती जा रही हैं। दुकानदारों ने अपनी दुकानों के बाहर स्टॉल लगाकर सामान सजा रखा है जिससे आवागमन के लिए जगह कम पड़ गई है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलने वालों को भी वाहनों के बीच से होकर निकलना पड़ता है।
इसके बावजूद नगर पालिका की ओर से स्टॉल लगाने के लिए अब तक कोई सीमा रेखा तय नहीं की गई है। इस कारण दुकानदार अपनी मर्जी से सड़क तक सामान फैला लेते हैं।
दुकानों के बाहर रखे स्टॉल और सामान से ग्राहकों के साथ-साथ राहगीरों को भी दिक्कत होती है। सड़क किनारे जगह न मिलने से लोग वाहनों के बीच जोखिम उठाकर चलने को मजबूर हैं। इससे बाजार में जाम लगने की आशंका भी बनी रहती है। त्योहारों और खरीदारी के व्यस्त दिनों में यह परेशानी और बढ़ जाती है।
सीमा रेखा नहीं होने से दुकानदारों के लिए भी सामान रखने की कोई साफ व्यवस्था नहीं है। यदि नगर पालिका स्टॉल लगाने की सीमा तय कर दे, तो दुकानदार तय स्थान के भीतर ही सामान रखेंगे। इससे सड़क पर अतिक्रमण घटेगा और आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी।
अतिक्रमण हटाने की जरूरत
शहर के बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिक्रमण हटाने के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है। नगर पालिका को दुकानदारों से बातचीत कर स्टॉल के लिए स्थान निर्धारित करना चाहिए। साथ ही सड़क पर सामान रखने वालों को तय सीमा का पालन करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि खरीदारी करने आने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी न हो।
-
- वर्जन:
दुकानदारों से दो दिन में बातचीत कर इसका समाधान किया जाएगा। आगामी पांच दिन में दुकानदारों को स्टॉल लगाने के लिए स्थान निर्धारित किया जाएगा। साथ सीमा रेखा से बाहर सामान लगाने पर भी रोक रहेगी। दुकानदारों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए जाएंगे। -रमेश सैनी, चेयरमैन, नगर पालिका, महेंद्रगढ़