प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने के लिए वीरवार को स्थानीय अनाज मंडी में स्थित मार्केटिंग कमेटी के कार्यालय में व्यापारियों और दुकानदारों ने पीओएस मशीन के लिए फार्म भरे। इस मौके पर व्यापार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन गोपाल शरण गर्ग भी मौजूद थे।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कैश रहित आर्थिक व्यवस्था करने के लिए व्यापारियों का अहम रोल है। मंडी में आने वाले किसानों को ई-करेंसी या चैक से भुगतान करने में कुछ परेशानियां आएंगी। शुरू में किसान इसे स्वीकार करने में हिचकिचाएंगे,
लेकिन बाद में जब इसके लाभ का पता चलेगा तो किसान भी धीरे-धीरे प्रधानमंत्री के इस अभियान के साथ जरूर जुड़ेगा।
इस मौके पर व्यापारियों ने लीड मैनेजर एसडी पाठक के सामने कई समस्याएं रखी।
उन्होंने चेक के तुरंत भुगतान की व्यवस्था करने तथा राजस्थान की पार्टी के चेक में लगने वाले समय को कम करने की मांग रखी। इसके अलावा करंट खाते में 50 हजार रुपये नकदी उपलब्ध कराने की मांग रखी। व्यापारियों ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस अभियान से व्यापार में 10 गुणा बढ़ोतरी होगी। शुरू में कुछ दिन समस्या आएगी लेकिन बाद में देश की दिशा बदलने में यही योजना कारगर साबित होगी।
इस मौके पर ई-करेंसी उपयोग करने के विकल्प के पंपलेट्स व्यापारियों को बांटे गए।
इसमें आधार कार्ड एनेबल्ड पेमेंट सिस्टम, पीओएस, यूपीआई, ई-वालेट तथा यूएसएसडी आदि विकल्प चुनने के तरीके समझाए गए थे। इस मौके पर मार्केट कमेटी के सचिव अशोक कुमार यादव के अलावा व्यापार मंडल के सदस्य मौजूद थे।
फोटो = नारनौल में व्यापारियों की बैठक लेते गोपाल शरण गर्ग