महेंद्रगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में वैक्सीन की कमी को ध्यान में रखते हुए शेड्यूलिंग सिस्टम शुरू किया है। अब 18 वर्ष से ऊपर वाले उन्हीं लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी जिन्होंने पोर्टल पर जाकर शेड्यूलिंग करवाई है। एक दिन में मात्र 100 लोगों की ही शेड्यूलिंग हो सकती है।
नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ में रविवार को तीसरे चरण में 18+ के नागरिकों का टीकाकरण अभियान शुरू कर दिया गया। अस्पताल में सुबह 700 टीकों की खेप पहुंची। रविवार को दोपहर 12 से तीन बजे तक 85 लोगों के टीके लगाए गए। पहले दिन युवाओं में टीका लगवाने के लिए काफी जोश दिखाई दिया। कुछ लोग तो अपने परिवार के साथ टीका लगवाया।
बता दें कि प्रदेश सरकार ने केंद्र से 66 लाख वैक्सीन की डिमांड की थी। उनमें से पहली खेप रात को ही हरियाणा पहुंची है। वैक्सीन की कमी को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने शेड्यूलिंग सिस्टम शुरू किया है। रजिस्ट्रेशन करवाने के बाद लोगों को उसी साइट पर जाकर शेड्यूलिंग करवाना होगा। शेड्यूलिंग करवाने से लोगों के पास रजिस्टर्ड फोन पर मैसेज आ जाएगा कि इतनी तारीख को इतने बजे वे संबंधित अस्पताल में जाकर अपना टीकाकरण करवाएं। अस्पताल के पास भी इसकी एक लिस्ट होगी। जिन युवकों का लिस्ट में नाम है उनका ही टीकाकरण होगा। अस्पताल में मैसेज की फोटोकॉपी भी साथ ले जानी होगी। सरकार के इस कदम से एक तो वैक्सीन की कमी नहीं रहेगी तथा दूसरा अस्पताल में भीड़ एकत्रित नहीं होगी।
एक दिन में 100 का होगा वैक्सीनेशन:
पोर्टल पर प्रतिदिन एक केंद्र पर 100 लोगों की शेड्यूलिंग हो सकती है। इसके बाद पोर्टल अपने आप बंद हो जाता है। उनको वैक्सीन लगने के बाद ही पोर्टल दोबारा खुलता है। खुलने के बाद लोग अपनी शेड्यूलिंग करवा सकते हैं। जिन लोगों का शेड्यूलिंग में नंबर आ गया उनको निर्धारित तारीख पर टीका लगवाने जाना होगा। नहीं जाने पर उनको दोबारा शेड्यूलिंग करवानी होगी।
रजिस्ट्रेशन के लिए 8 तक साइट रहेगी बंद:
रजिस्ट्रेशन के लिए आठ मई तक साइट बंद रहेगी क्योंकि जिले में हजारों की संख्या में लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। महेंद्रगढ़ जिले में 18 वर्ष से ऊपर 1621 तथा 35 से 45 के बीच 4575 लोगों ऑन लाइन रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं। रजिस्ट्रेशन अधिक होने और वैक्सीन की कमी के चलते बंद करने का निर्णय लिया गया है।
परिवार के साथ लगवाया टीका
गांव बलायचा का परिवार रविवार को टीकाकरण करवाने के लिए निर्धारित समय पर अस्पताल पहुंच गया था। बलायचा निवासी पवित्रा शर्मा ने बताया कि रविवार को वह स्वयं, उनके बच्चे रूपक, अंशु, देवरानी मीना, भांजी भावना, भांजा, नीरज, राहुल एवं नीतू ने वैक्सीन लगवाई है। उन्होंने बताया कि वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और अन्य लोगों को भी आकर टीका लगवाना चाहिए।
आज मैंने महेंद्रगढ़ नागरिक अस्पताल में टीका लगवा लिया है। टीका लगने के बाद मुझे कुछ नहीं हुआ, जो लोग टीके को लेकर भ्रामक प्रचार कर रहे हैं वो गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। सभी युवा आकर टीका लगवाएं ताकि इस महामारी से हम सुरक्षित हो सकें।
-अंशु, बलायचा।
18 से 44 तक का रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही मैंने अपना रजिस्ट्रेशन करवा लिया था। साथ ही मैंने अपने परिवार के लोगों का भी किया। अस्पताल में आकर टीका अवश्य लगवाएं। टीका लगवाने का कोई नुकसान नहीं है। यह पूर्ण रूप से सुरक्षित है। आज मैंने भी टीका लगवा लिया है।
-सचिन कुमार, विद्यार्थी एमएससी।
मैंने रविवार को अस्पताल में आकर टीका लगवा लिया है। टीका लगवाने के बाद मुझे कुछ नहीं हुआ और मैं खुश हूं। टीकारण को लेकर लोग आज भी जागरूक नहीं है जबकि देश में कोरोना महामारी से हाहाकर मचा हुआ है। इसलिए सभी से अपील है कि वो अस्पताल में पहुंचकर टीका अवश्य लगवाएं।
-दीपक, विद्यार्थी, एसमससी।
मैंने अपने परिजनों के साथ टीका लगवा लिया है। पहले दिन ही मैंने अपना और परिवार के लोगों का रजिस्ट्रेशन करवा लिया था। अब मैं उन लोगों को जागरूक करूंगा जो जागरूक नहीं है। जिनको ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना नहीं आता वो भी बताऊंगा। इसके अलावा अपने मित्रों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करूंगा।
-शुभम राघव, विद्यार्थी, हकेंविवि