मंडी अटेली। नए बस स्टैंड के समीप कॉम्प्लेक्स के पास बुधवार रात सात दुकानों के ताला तोड़कर नकदी व सामान चोरी करने के मामले सामने आए हैं। हालांकि वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। फुटेज के अनुुसार चोरों ने रात करीब साढ़े 12 बजे से पांच बजे तक बेखौफ वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस में दी शिकायत में पीड़ित दुकानदारों ने बताया कि कस्बे के नए बस स्टैंड के समीप कॉम्प्लेक्स में लगभग पांच दर्जन से अधिक दुकानें हैं। वीरवार सुबह जब कॉम्प्लेक्स में पहुंचे तो वारदात का पता चला। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले व्यक्ति ने अशोका मेडिकल स्टोर, जूस की दुकान, अमरा डेयरी सेंटर, रेनबो प्रिंटिंग प्रेस, जयप्रकाश मोबाइल रिपेयरिंग, राहुल इंटरनेट प्वाइंट सेंटर का ताला तोड़कर नकदी व सामान चुराया। इसके अलावा एक जरनेटर मेकैनिकल की दुकान का ताला तोड़कर पांच हजार रुपये चोरी किए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने पर पता चला कि चोरों ने रात साढ़े 12 बजे से सुबह 5 बजे तक वारदात को अंजाम दिया। वही एक साइबर कैफे की मालिक संतोष देवी ने बताया कि चोरों ने लॉक को कुल्हाड़ी से तोड़ा है। वारदात के बाद वे कुल्हाड़ी मौके पर छोड़ गए।
एएसआई सत्यपाल ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन की थी, यह घटना नशे की आदी की लग रही है। दुकानों के बाहर शराब व बीयर की बोतल पड़ी हुई मिली हैं। पुलिस छानबीन कर रही हैं। थाना प्रभारी मनोज ने बताया कि एक दुकान से चोरी होने की सूचना है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उधर, सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान अशोक कुमार व कांग्रेसी नेता सुरेंद्र पटवा ने कहा कि पुलिस गश्त बढ़ा कर वारदात पर अंकुश लगाने की मांग की है।