संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत सात दिवसीय शिविर का समापन रविवार को किया गया। 8 जनवरी को विद्यालय प्राचार्य महावीर सिंह चंदेला की अध्यक्षता में शिविर का शुभारंभ हुआ था।
शिविर के दौरान एनएसएस वॉलंटियर्स को कई अहम बिंदुओं की जानकारी दी गई। जिला कोऑर्डिनेटर चरण सिंह बडेसरा, एमपीएचडब्ल्यू धर्मवीर सिंह, स्वास्थ्य निरीक्षक राजवीर, पीसीए गरिमा चौधरी, एसएमसी प्रधान अंजू, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यकर्ता सुशीला एवं स्कूल स्टॉफ सदस्य समेत बैंक एवं स्वास्थ्य विभाग कर्मियों द्वारा अपने अनुभवों की जानकारी दी। विद्यालय में लगाए गए सात दिवसीय विशेष शिविर में वॉलंटियर द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े यातायात नियम, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, बैंक संबंधित, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कस्बे की मार्किट और नगर पालिका वार्ड में रैली निकाली। प्रवक्ता और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सावित्री द्वारा सात दिवसीय विशेष शिविर के कार्य की रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि समाज सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस तरह के शिविरों में भाग लेने से बच्चों में देश व समाज के प्रति सकारात्मक विचार, स्वतंत्रता, समानता एवं भाईचारे की भावना का विकास होता है। इस दौरान सात दिवसीय शिविर में बेस्ट वॉलंटियर का चयन करते हुए बारहवीं की छात्रा गायत्री को श्रेष्ठ स्वयंसेवी खिताब के लिए घोषित किया गया।