रेवाड़ी। वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर बुजुर्गों ने वृद्धावस्था में सामने आने वाली शारीरिक, आर्थिक और सामाजिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ जाती हैं। ऐसे में नियमित चिकित्सा जांच और उपचार की जरूरत रहती है।
बुजुर्गों ने सरकार से बंद पेंशन तुरंत बहाल करने की मांग की। साथ ही निशुल्क चिकित्सा जांच व उपचार, वृद्धाश्रम और वरिष्ठ नागरिक सहायता केंद्र शुरू करने की मांग रखी। रेल, बस और हवाई यात्रा में रियायत देने तथा कार्यालयों और न्यायालयों में बुजुर्गों के लिए अलग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
बुजुर्गों ने मांगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा:
राजेंद्र प्रधान ने बताया कि वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ जाती हैं। नियमित जांच और दवाइयों पर खर्च करना आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्गों के लिए मुश्किल होता है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में बुजुर्गों के लिए अलग काउंटर और प्राथमिकता के आधार पर उपचार की व्यवस्था होनी चाहिए।
सम्मान और सुरक्षा की जरूरत
सूरत सिंह ने कहा कि उम्र बढ़ने के साथ व्यक्ति शारीरिक रूप से कमजोर हो जाता है और कई कामों के लिए दूसरों पर निर्भर रहना पड़ता है। ऐसे में परिवार और समाज का सहयोग जरूरी है। उन्होंने सरकार से कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
हर क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिक क्लब की मांग
करतार सिंह ने गांवों और शहरों के प्रत्येक वार्ड व सेक्टर में वरिष्ठ नागरिक क्लब खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन क्लबों में बुजुर्ग एक-दूसरे से मिल सकेंगे और अपनी समस्याओं पर चर्चा कर सकेंगे। इससे अकेलेपन की समस्या भी कम होगी। क्लबों में स्वास्थ्य जांच, योग, सामाजिक गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
यात्रा में रियायत और सहायता केंद्र की मांग
रमेश कुमार ने रेल, बस और हवाई यात्रा में किराए में रियायत देने की मांग की। उन्होंने कहा कि कई बुजुर्ग इलाज या पारिवारिक कारणों से दूसरे शहरों की यात्रा करते हैं, लेकिन बढ़ता किराया उनके लिए परेशानी का कारण बनता है। इसके अलावा प्रत्येक जिले में वरिष्ठ नागरिक सहायता केंद्र और नि:शुल्क वृद्धाश्रम की सुविधा होनी चाहिए।
बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और देखरेख की आवश्यकता
लोक सेवा मंच के प्रधान अशोक ने कहा कि वृद्धावस्था में शारीरिक और आर्थिक कमजोरी के कारण वरिष्ठ नागरिकों की निर्भरता सरकार और समाज पर बढ़ जाती है। ऐसे में उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और देखरेख की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से देश और प्रदेश के प्रत्येक जिले में समर्पित वरिष्ठ नागरिक आवासीय क्षेत्र, नि:शुल्क वृद्धाश्रम और वरिष्ठ नागरिक सहायता केंद्र शुरू करने की मांग की।
राजेन्द्र प्रधान
राजेन्द्र प्रधान
राजेन्द्र प्रधान
राजेन्द्र प्रधान