मंडी अटेली। हरियाणा पत्रकार संघ अटेली इकाई के तत्वावधान में रविवार को लिटिल स्टार प्ले स्कूल में वर्तमान समय में पत्रकारिता एक चुनौती विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार रोहित यादव ने की। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार डॉ. सीएस वर्मा प्रभाकर ने किया। इस अवसर पर जिला प्रधान प्रदीप बालरोडिया और संरक्षक आनंद शर्मा मुख्य वक्ता रहे।
जिला प्रधान ने कहा कि पत्रकार की मूल प्रवृत्ति सच जानने और सच बोलने की होनी चाहिए। टीआरपी और विज्ञापन के चक्कर में अगर हमने सच से समझौता किया तो लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कमजोर हो जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में एआई तथ्यों के सत्यापन और समाचार संकलन में सहायक है।
आनंद शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता में समस्याएं और चुनौतियां स्वाभाविक हैं। वर्तमान में एआई जैसी बड़ी चुनौती का सामना तकनीक और नैतिकता के साथ किए जाने पर बल दिया। आज के दौर में पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती फेक न्यूज और पीत पत्रकारिता है। हमें तथ्यों की पड़ताल कर निष्पक्ष और निर्भीक होकर समाज के हित में लेखनी चलानी होगी।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्र के 13 पत्रकारों को हरियाणा गौरव पत्रकारिता सम्मान से विभूषित किया गया व प्रेस पहचान पत्र वितरित किए गए।