महेंद्रगढ़। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच एसडीएम का दिया अल्टीमेटम आज समाप्त हो रहा है। इसके बाद प्रशासन सख्त एक्शन लेने की तैयारी में है। दुकानदारों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि यदि उन्होंने स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया तो कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका के प्रयासों के बावजूद शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है। अधिकारियों की उदासीनता और नियमित निगरानी के अभाव में हालात बार-बार पहले जैसे हो जाते हैं।
शुक्रवार को एसडीएम, नगरपालिका चेयरमैन और पुलिस टीम ने शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बरामदों से अतिक्रमण हटाया था लेकिन रविवार तक स्थिति फिर जस की तस नजर आई। जनवरी में भी करीब 15 दिन तक अभियान चलाकर मुख्य सड़कों से अवैध चबूतरों को हटाया गया था। मगर कुछ ही समय में दोबारा अतिक्रमण बढ़ गया।
छह महीनों में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, बालाजी चौक, रेलवे रोड, आईटीआई रोड, सिनेमा रोड, गोशाला रोड, मसानी चौक, 11 हट्टा बाजार और सब्जी मंडी रोड पर दस से अधिक बार अभियान चलाए जा चुके हैं। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। अभियान खत्म होते ही अतिक्रमण दोबारा शुरू हो जाता है।
बॉक्स
अधिकारी केवल अभियान के दौरान ही नपा से बाहर निकलते हैं। जनवरी में भी 15 दिनों तक लगातार अभियान चलाया गया था लेकिन इसके बाद अधिकारियों ने कभी अतिक्रमण का जायजा नहीं लिया।
-राजकुमार, दुकानदार
बॉक्स
जनवरी में एसडीएम की देखरेख में अभियान चला था तो हालातों में सुधार हुआ था। इस दौरान अवैध रूप से बनाए गए चबूतरों, टीनशेड, पक्के निर्माण को तोड़ दिया था लेकिन अब वही हालात हो गए हैं, अधिकारी भी कर्मचारियों को आदेश देकर खानापूर्ति कर लेते हैं।
-अशोक शर्मा, दुकानदार, गोशाला रोड
- वर्जन:
अभियान केवल उच्चाधिकारियों के आदेशों पर ही चलता है। पालिका के अधिकारी केवल कर्मचारियों को भेजकर खानापूर्ति कर लेते हैं। अधिकारियों को बार-बार नियमित निगरानी के लिए भी कहा जा चुका है। जल्द ही शहर में अतिक्रमण पर नियमित निगरानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
-रमेश सैनी, चेयरमैन नगर पालिका महेंद्रगढ़