कॉलेज की छात्राओं की समस्या जानने के लिए एसडीएम दिनेश कुमार रोडवेज जीएम नवीन शर्मा को अपने साथ लेकर उन्हानी कॉलेज के सामने पहुंचे। जहां दोनों अधिकारियों ने छात्राओं की शिकायत को सुना। मौके से ही समस्या के निदान का आदेश दिया। कॉलेज में और स्कूलों में पढ़ने वाली छात्र-छात्राओं को बसों की समस्या नहीं होने दी जाएगी।
महिला महाविद्यालय के सामने रोड पर बस का इंतजार कर रही छात्राओं से उनकी समस्या पूछी। जिसमें छात्राओं ने उन्हें बताया कि रोडवेज ने पहले विभिन्न रूटों पर छात्राओं के लिए बसें लगा रखी थी। कोरोना के बाद बसों की संख्या बेहद कम हो गई है। इसलिए उन्हें आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलेज के सामने रोडवेज बस कम रुकने के कारण भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। एसडीएम के साथ हरियाणा रोडवेज नारनौल के जीएम नवीन शर्मा भी साथ थे। उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर समस्या को जाना।
अधीनस्थ अधिकारियों को आदेश दिए कि महिला कॉलेज के सामने आने-जाने वाली सभी रोडवेज की बसें रोकी जाएं। छात्राओं को यह भी आश्वासन दिया कि पहले वाले सभी रूट की बसें बहाल की जाएंगी। कॉलेज में आने वाली किसी भी छात्रा को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। एसडीएम दिनेश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले कुछ छात्राओं ने मौखिक रूप से बसें नहीं रुकने की, बसों की संख्या कम होने की समस्या से अवगत कराया था। जिसके बाद वह रोडवेज जीएम के साथ मौके पर पहुंचे थे।