फोटो नंबर-10जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाला सिहमा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय।
नारनौल। विद्यालयों के सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री स्कूल सौंदर्यीकरण प्रोत्साहन योजना (2025-26) के तहत जिलास्तर पर उत्कृष्ट विद्यालयों की सूची जारी कर दी गई है। वरिष्ठ माध्यमिक श्रेणी में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहमा ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
वहीं उच्च विद्यालय वर्ग में पीएमश्री राजकीय उच्च विद्यालय खासपुर को अव्वल चुना गया। मिडिल स्तर पर राजकीय मिडिल विद्यालय राजपुरा और प्राथमिक स्तर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला, सुरानी ने पहला स्थान प्राप्त किया।
इन सभी विद्यालयों को जिलास्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए एक-एक लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। अब ये विद्यालय राज्य स्तर की प्रतिस्पर्धा में भी अपनी दावेदारी पेश करेंगे। इसने सरकारी स्कूलों में स्वच्छता, हरियाली और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में नई ऊर्जा भर दी है।
जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. विश्वेश्वर कौशिक ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न विद्यालयों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इसके बाद विशेषज्ञ कमेटी द्वारा स्कूलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की गई। इसी रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों का चयन किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य स्कूलों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है ताकि स्वच्छ और आकर्षक वातावरण में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके। स्वच्छ परिसर, हरियाली और बेहतर सुविधाएं छात्रों के मनोबल और सीखने की क्षमता को बढ़ाती हैं।
यह पहल न केवल चयनित विद्यालयों के लिए गौरव का विषय है बल्कि अन्य स्कूलों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। आने वाले समय में इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और गुणवत्ता में वृद्धि देखने को मिलेगी।