रेवाड़ी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मुख्यमंत्री स्कूल सुंदरीकरण योजना के अंतर्गत खंड जाटूसाना के राजकीय विद्यालयों की तरफ से आवेदन प्रस्तुत किए गए। प्राथमिक स्तर पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय, परखोतमपुर को प्रथम स्थान और राजकीय प्राथमिक विद्यालय केएमपुर को द्वितीय स्थान मिला है।
मिडल स्तर पर राजकीय मिडल विद्यालय कुमरोधा को प्रथम व राजकीय मिडल विद्यालय कुतुबपुरी बुराज को द्वितीय स्थान मिला है। समिति में उप-मंडल अधिकारी, सीडीपीओ, खंड शिक्षा अधिकारी, प्राचार्य शामिल रहे।
खंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त विद्यालयों को 50 हजार की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्राप्त आवेदनों के आधार पर उप-मंडल अधिकारी की अध्यक्षता में गठित निरीक्षण समिति ने चयन प्रक्रिया शुरू की गई थी। समिति ने मौके पर जाकर विद्यालयों का निरीक्षण किया था।
निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था, कक्षा-कक्षों की स्वच्छता, शौचालयों की स्थिति, कचरा निस्तारण प्रणाली, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता एवं वितरण, पेयजल सुविधा, बैठने की सुविधा, शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया।