फोटो 7श्यामपुरा के राजकीय प्राथमिक पाठशाला का दृश्य।संवाद
मंडी अटेली। श्यामपुरा गांव के 25 विद्यार्थियों को स्कूल भवन की बदहाल स्थिति का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। गांव की राजकीय प्राथमिक पाठशाला का करीब तीन दशक पुराना भवन होने के कारण जर्जर घोषित कर दिया गया। इसके बाद बच्चों की कक्षाएं करीब दो किलोमीटर दूर भीलवाड़ा गांव की प्राथमिक पाठशाला में लगाई जा रही हैं।
छोटे बच्चों को रोजाना स्कूल जाने और वापस आने के लिए दो किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे बच्चों का समय और ऊर्जा दोनों खर्च हो रहे हैं। उनका सवाल है कि गांव में स्कूल होने के बावजूद बच्चों को दूसरे गांव क्यों भेजा जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि भवन की हालत लंबे समय से खराब थी। उनका आरोप है कि समय रहते नए भवन का निर्माण कराया जाता तो बच्चों को परेशानी नहीं होती। उन्होंने शिक्षा विभाग और प्रशासन से जल्द नए भवन का निर्माण शुरू कराने की मांग की है।
मुख्य शिक्षक संजय कुमार ने बताया कि भवन कंडम घोषित होने के कारण कक्षाएं भीलवाड़ा में लगाई जा रही हैं। नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है और जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है।
वर्जन:
श्यामपुरा प्राथमिक पाठशाला के भवन को लोक निर्माण विभाग ने कंडम घोषित कर दिया है। भवन को ढहा कर नए भवन के निर्माण के लिए प्रक्रिया जारी है। नए भवन का जल्द ही निर्माण कराया जाएगा।
-कुशलता यादव, खंड शिक्षा अधिकारी, अटेली