गांव सिसोठ में स्थित एक निजी स्कूल की संचालिका के साथ गांव की तीन महिलाओं ने मारपीट की है। मारपीट में स्कूल संचालिका गंभीर तौर पर घायल हो गईं। घायल महिला को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
पुलिस को दी शिकायत में शिक्षा भारती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सिसोठ की संचालिका अर्चना ने बताया कि वह पाली गांव में रहती है। उनका कहना है कि वीरवार की सुबह वह स्कूल गई तो उसके कार्यालय में बबली, सुनीता एवं मंजू बैठी हुईं थीं। इसके अलावा राधेश्याम, अमित, अनुज एवं सचिन भी वहां मौजूद थे। इन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी सोने की चेन एवं कानों के बाले निकाल लिए। मारपीट में अर्चना घायल हो गईं। स्कूल संचालिका का कहना है कि आरोपी महिलाएं उससे स्कूल एवं स्कूल बसें देने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी के तहत मामला दर्ज कर लिया है।