महेंद्रगढ़। गांव कुराहवटा में 8 अगस्त की रात को संदिग्ध परिस्थितियों में तूड़ी से भरे दो ट्रैक्टर ट्राॅली में आग लगने के मामले में पुलिस ने गांव के सरपंच प्रतिनिधि राहुल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं रोड जाम के मामले में गांव कुराहवटा निवासी अजय, किशोरी और धर्मबीर को गिरफ्तार किया है। सरंपच प्रतिनिधि को गिरफ्तार किए जाने के बाद ग्रामीण सीआईए चौकी पहुंचे, जहां पर उन्होंने पुलिसकर्मियों से बहसबाजी भी की। सूचना पाकर डीएसपी रणबीर सिंह भी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को समझाया, उसके बाद ही माने।
गांव कुराहवटा के पास बिजली का प्लांट है। इस प्लांट में कृषि वेस्ट से बिजली का उत्पादन होता है। दूसरे जिलों से ट्रक और ट्रैक्टर ट्रॉलियों में तूड़ा, तूड़ी, कपास की छड़ी आदि भरकर आती हैं। आठ अगस्त की रात को गांव कुराहवटा में तूड़ी से भरे दो ट्रैक्टर ट्राॅलियों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी जिससे दोनों ट्रॉली जल गई थी। ग्रामीणों ने सुबह ओवरलोड वाहन को लेकर जेरपुर-मांडोला रोड पर जाम भी लगा दिया था। ट्रॉली जाने के संबंध में ट्राॅली मालिक निसान सिंह ने सरपंच प्रतिनिधि राहुल पर ट्रॉलियों में आग लगाने का आरोप लगाया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज भी कर लिया था। वहीं ग्रामीणों का कहना था कि ट्राॅलियों में आग तारों के नीचे से गुजरते समय शार्ट सर्किट लगी है। उनका यह भी आरोप था कि ओवरलोड वाहन आए दिन बिजली के खंभे तोड़ जाते हैं, जिससे गांव की बिजली बाधित हो जाती थी।
यह लगाया था अरोप
गांव फतेहाबाद निवासी निसान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 8 अगस्त की की रात लगभग 10:30 बजे वह ट्रैक्टर ट्राॅली में पराली की गांठ भरकर लेकर आ रहा था। गांव कुराहवट के पास काले रंग की स्कॉर्पियो सामने से आ रही थी। उनके दो ट्रैक्टरा साथ आ रहे थे। स्कार्पियो गाड़ी पर सरपंच लिखा हुआ था, जिसके अंदर कुराहवटा निवासी राहुल बैठा था। उसने शराब पी रखी थी। जब वह नीचे उतरकर ट्राॅली पीछे करने लगा तो इतनी ही देर में राहुल ने माचिस निकाल कर ट्राॅली के अंदर मॉल को आग लगा दी। इतने में ही दूसरी ट्रॉली को आग लगा दी। इसके बाद उसने उनको पीटना शुरू कर दिया। गाड़ी के अंदर रखी पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने सरपंच प्रतिनिधि राहुल को ट्राॅलियों में आग लगाने के आरोप में जबकि अजय, किशोरी और धर्मबीर को रोड जाम के मामले में गिरफ्तार किया है। -श्योताज सिंह, सदर थाना प्रभारी, महेंद्रगढ़।