महेंद्रगढ़। खाद्य एवं औषधी प्रशासन विभाग की टीम की ओर से मंगलवार को महेंद्रगढ़ व कनीना क्षेत्र में छापे मारे गए। इस दौरान टीम ने भोजावास से एक मिठाई की दुकान से खोवा के सैंपल लिए। साथ ही टीम को ने 25 किलोग्राम खोवा मिला। खाद्य एवं औषधी विभाग की टीम ने त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए छापे मारने का अभियान शुरू कर दिया है। पिछले 15 दिनों के दौरान महेंद्रगढ़ व कनीना क्षेत्र में मिठाई की दुकानों एवं होटनों से तीन सैंपल लेकर जांच के लिए मधुबन लैब भेजे गए हैं।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी के नेतृत्व में टीम भोजावास पहुंची। भोजावास में एक मिष्ठान भंडार से टीम की ओर से खोया का एक सैंपल लिया गया। सैंपल जांच के लिए मधुबन लैब भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद विभाग की ओर से आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने बताया कि त्योहारी सीजन को ध्यान में रखते हुए छापामार कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी। किसी भी सूरत में मिलावट कर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। पिछले 15 दिनों के दौरान कनीना क्षेत्र के गांव गाहड़ा से मिठाई के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। वहीं महेंद्रगढ़-नारनौल रोड स्थित एक प्रसिद्ध होटल से लिए गए मैदा व पनीर के सैंपल फेल पाए गए हैं। अब संचालक को नोटिस देकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।