निजामपुर। रेलवे गुड्स लाइन विस्तार और अंडरपास को 20 मीटर लंबा करने के लिए बंद किया रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी-53) पांच महीने बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के कारण 12 से अधिक गांवों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेलवे विभाग ने आरयूबी-53 को 20 फरवरी से 19 मई तक मरम्मत और लाइन विस्तार कार्य के लिए अस्थायी रूप से बंद किया था। हालांकि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। इसके चलते स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
निजामपुर-नांगल चौधरी मार्ग पर स्थित यह अंडरपास क्षेत्र का प्रमुख आवागमन मार्ग है। इसके बंद होने से ग्रामीणों और छोटे वाहन चालकों को करीब तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं, वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किए जा रहे आरओबी-54 पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
नापला, घाटाशेर, पवेरा, सरेली, गांवड़ी जाट, नयागांव, रोपड़ सराय, पाचनौता, बायल, पाटन, नीमकाथाना और नांगल चौधरी सहित कई गांवों के लोगों का कहना है कि मार्ग बंद होने से समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
वर्जन:
निजामपुर-नांगल चौधरी मार्ग पर स्थित आरयूबी-53 को 20 फरवरी से 19 मई तक अस्थायी रूप से बंद किया गया था। हालांकि, निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हो सका जिसके कारण लोगों और यातायात के साधनों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि फिलहाल निर्माण कार्य पूरा होने की कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं है।
-जितेंद्र सिंह यादव, स्टेशन अधीक्षक निजामपुर