फोटो संख्या:51- यादव धर्मशाला महेंद्रगढ़ में पत्रकारों से बातचीत करती स्वास्थ्य मंत्री आरती राव
महेंद्रगढ़। महेंद्रगढ़ क्षेत्र में शनिवार को आयोजित कार्यक्रमों में स्वास्थ्य मंत्री ने जिले में चल रही परियोजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रयास है कि महेंद्रगढ़ व भिवानी के मेडिकल कालेज जल्द शुरू हो जाएं। केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशानुसार इसके लिए तेजी से प्रक्रिया चल रही है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने महेंद्रगढ़ क्षेत्र में आईआईटी को लेकर पूछे गए एक सवाल में बताया कि हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, ग्राम पंचायत पाली सहित अन्य ग्राम पंचायतों की ओर से प्रस्ताव दिए गए हैं। इस क्षेत्र में आईआईटी स्थापित कराने के लिए वह पूरी ताकत झोंकेंगी।
यादव सभा में कृष्ण जन्माष्टमीं कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल के भवन के लिए पहले 17 करोड़ के बजट की स्वीकृति मिली थी लेकिन इसके बाद बढ़ाकर 28 करोड़ कर दिया था। वर्तमान में इसके निर्माण के लिए 65 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति प्रदेश सरकार की ओर से दी जा चुकी है। भवन का नया नक्शा तैयार किया जा चुका है। जल्द ही निर्माण पूरा कराने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी से भी मुलाकात की है। इसके भवन का जल्द निर्माण कार्य पूरा कराया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में लगातार सुधार के लिए प्रयास जारी हैं। क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती से अब लोगों को लाभ मिल रहा है। अल्ट्रासाउंड मशीन नारनौल में शुरू हो चुकी है। एमआरआई के लिए प्रयास चल रहे हैं। महेंद्रगढ़ जिले में एफआरयू भी खोले गए हैं।