नारनौल। लोग अलग-अलग तरीके से साइबर ठगी के शिकार हो रहे हैं। अब महेंद्रगढ़ की अनाज मंडी का एक व्यक्ति 12 लाख रुपये की ठगी का शिकार हो गया।
पुलिस शिकायत में महेंद्रगढ़ की अनाज मंडी निवासी लाजपत ने बताया कि उसकी मंडी में आढ़त की दुकान है। उसके पास 20 अगस्त को एक व्हाट्स एप पर काॅल आई। उसने फोन उठाया तो एक लड़की बोल रही थी, जिसने अपना नाम नेहा जैन बताया। उसने कहा कि वह ब्लैक रॉक कंपनी से बोल रही है। उनकी कंपनी लोगों से शेयर मार्केट में रुपये इंवेस्ट करवाकर कर अच्छा लाभ दिलवाती है। इसमें जितना भी लाभ होता है, उसका 10 प्रतिशत कंपनी को फीस के तौर पर देना होगा।
इसके बाद शिकायतकर्ता के पास एक एप्लीकेशन का लिंक भेजा। जिस पर क्लिक करने के बाद ब्लैक रॉक नाम से एक एप्लीकेशन इंस्टाल हो गई। नेहा ने इस एप्लीकेशन पर उसके नाम से एक अकाउंट बना दिया। उसने बताया कि आप जो भी इंवेस्ट करेंगे, वह इस एप्लीकेशन में दिखाई देगा। उसके बाद 21 अगस्त को 2 लाख रुपये आरटीजीएस करवा दिए। जिनसे कंपनी ने शेयर खरीद दिए और बाद में उनको बेच कर 80,000 रुपये का लाभ दिखा दिया। इसके बाद उन्होंने 5 लाख और इंवेस्ट करने के लिए बोला। 23 अगस्त को 5 लाख रुपये भी डाल दिए। इसके बाद 980000 रुपये मोबाइल एप्लीकेशन में भी दिखाई दे रहे थे। जब शिकायतकर्ता ने रुपये निकालने के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि पहले 5 लाख रुपये और जमा करवाने होंगे। इसके बाद 27 अगस्त को 5 लाख रुपये और जमा करवा दिए। इसके बाद भी उसके रुपये नहीं दिए। शिकायत कर्ता ने बताया कि इस तरह आरोपियों ने उसके साथ 12 लाख रुपये की ठगी कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।