महेंद्रगढ़। शहर के टैगोर स्कूल में आयोजित जिलास्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बालक वर्ग के मुकाबले रोमांचक रहे। अंडर-14 वर्ग के फाइनल में आरपीएस महेंद्रगढ़ ने टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल को हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के मैच भी खेले गए।
यह प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी विश्वेश्वर कौशिक और खंड शिक्षा अधिकारी जगमाल सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। प्रधानाचार्य विरेंद्र सिंह ने इसकी अध्यक्षता की। टैगोर ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक राहुल यादव मुख्य अतिथि रहे।
खेल पर्यवेक्षक राजेश शर्मा और दीपक शर्मा ने परिणामों की जानकारी दी। अंडर-17 वर्ग में टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने यदुवंशी स्कूल, नारनौल को हराया। एसडी स्कूल ककराला ने आरपीएस नारनौल को मात दी। यदुवंशी स्कूल, महेंद्रगढ़ ने जीएलपी स्कूल कनीना पर जीत दर्ज की। टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल ने एसडी स्कूल ककराला को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
शाम तक अंडर-17 वर्ग में आरपीएस नारनौल और यदुवंशी स्कूल, महेंद्रगढ़ के बीच मुकाबला जारी रहा। वहीं, अंडर-19 वर्ग में यदुवंशी स्कूल, नारनौल और आरपीएस महेंद्रगढ़ के बीच भी मैच खेला जा रहा था। इस दौरान उप-प्रधानाचार्य सुनील कुमार, पीजीटी प्रमुख निशांत शर्मा और प्रशिक्षक कृष्ण कुमार, राजेश झाड़ली आदि उपस्थित रहे।