नारनौल। सैनी सभा द्वारा संचालित सैनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शुक्रवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा पहली से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ स्कूल के निदेशक रामचंद्र सैनी और सैनी सभा के उपप्रधान अरुण सैनी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने 100, 200 और 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन और वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया।
पुरुष वर्ग के खो-खो मुकाबले में यश, अंकुश, कार्तिक, सूरज, भविष्य, हिमांशु, विजय, सन्नी और लेवेश की रॉयल किंग्स टीम ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं महिला वर्ग में साक्षी, दिव्या, वर्षा, ट्विंकल, रागिनी, पूजा, भव्या और मानसी की रानी लक्ष्मीबाई टीम विजेता रही।
दौड़ प्रतियोगिता में अंडर-14 पुरुष वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सुरजीत और 200 मीटर में सन्नी प्रथम रहे। अंडर-14 महिला वर्ग में 100 मीटर में ट्विंकल, 200 मीटर में करिश्मा और 400 मीटर में सरोज ने बाजी मारी। अंडर-17 महिला वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सुमित्रा प्रथम रही।
कबड्डी के पुरुष वर्ग में दीपांशु, उमेश, धीरज, राकेश, निखिल, रामबाबू और यश की टीम विजेता रही। बैडमिंटन के पुरुष वर्ग में आरव-आदित्य और महिला वर्ग में साक्षी-निशिता की जोड़ी ने पहला स्थान हासिल किया।