संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। हरियाणा रोडवेज चालक संघ के राज्य महासचिव देवेंद्र सिंह उर्फ बिट्टू ने नारनौल डिपो के जीएम देवदत्त पर द्वेष पूर्ण भावना से निलंबित करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा है कि वह रोडवेज नारनौल डिपो में चालक के पद पर कार्यरत हैं। बीते दिन ड्यूटी क्लर्क कुलदीप सिंह के साथ ड्यूटी को लेकर मामूली कहासुनी हुई थी। इसके बाद जीएम ने एकतरफा कार्रवाई करते हुए उन्हें बिना किसी ठोस कारण और बिना शोकॉज नोटिस दिए निलंबित कर दिया।
देवेंद्र सिंह ने कहा कि जीएम ने मामले में केवल एक पक्ष की बात सुनी और पक्षपातपूर्ण निर्णय लिया, जबकि ड्यूटी क्लर्क के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने बताया कि मुख्यालय के आदेशों के अनुसार यूनियन पदाधिकारियों से केवल उनके मूल कार्य पर ही काम लिया जाना चाहिए, लेकिन कई डिपो में अधिकारियों द्वारा उन्हें अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है। इससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने सरकार व विभाग से मांग की है कि उन्हें तुरंत ड्यूटी पर बहाल किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को दीपावली का बोनस, एलटीसी भत्ता और लंबित मेडिकल अवकाश मामलों का निपटारा जल्द किया जाए।
कर्मचारी नेता सुरेश प्रधान, हंसराज (इंटेक प्रधान), जितेंद्र चेयरमैन महासंघ, विरेंद्र कुमार, रामबीर सिंह और वेद प्रकाश ने जीएम की कार्रवाई को गलत बताते हुए कहा कि यूनियन पदाधिकारियों के साथ ऐसे व्यवहार की निंदा की है।
वर्जन-
द्वेष भावना से कार्रवाई नहीं की गई। ड्यूटी क्लर्क कुलदीप सिंह के साथ झगड़ा करने को लेकर देवेंद्र सिंह को निलंबित किया गया है। इसके अलावा ड्यूटी क्लर्क का भी तबादला किया गया है।-देवदत्त। महाप्रबंधक नारनौल डिपो।