फोटो नंबर-21नारनौल बस स्टैंड वर्कशाप में कार्य करते कर्मचारी। संवाद
नारनौल। नारनौल डिपो में महाप्रबंधक की नियुक्ति नहीं होने के कारण कई प्रशासनिक कार्य ठप हैं। कर्मचारियों के वेतन, बसों के लिए डीजल की व्यवस्था और वर्कशॉप में खराब बसों की मरम्मत के लिए पाट् र्स उपलब्ध नहीं हो रहे हैं।
महाप्रबंधक पद रिक्त होने के कारण नारनौल डिपो में कार्यरत करीब 650 कर्मचारियों को एक माह से वेतन नहीं मिल रहा है। वहीं एचकेआरएन के तहत कार्यरत कर्मचारी 2 माह से वेतन का इंतजार कर रहे हैं। बसों को चलाने के लिए डीजल की खरीद रेवाड़ी डिपो से की जा रही है। हालांकि महाप्रबंधक की नियुक्ति के बाद डीजल का भुगतान किया जाएगा।
वहीं वर्कशॉप में खराब बसों की मरम्मत के लिए पार्ट्स जिनकी कीमत लाखों में होती है, उसकी स्वीकृति महाप्रबंधक द्वारा दी जाती है। इस समय वर्कशॉप में 2 बसें खराब खड़ी हैं। इस कारण नारनौल डिपो में उपलब्ध हरियाणा रोडवेज की 130 बसों में से अभी केवल 128 बसें ही संचालित हैं। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में नए पंखे लगाए जाने का कार्य भी अधर में लटका है। इस कारण यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इंसेट
26 दिनों से रिक्त है महाप्रबंधक का पद
नारनौल डिपो में नियुक्त महाप्रबंधक अनित कुमार का तबादला सिरसा डिपो किया गया था। निर्देश 6 मई को जारी किया गया था। 9 मई को महाप्रबंधक अनित कुमार नारनौल डिपो से रिलीव हो गए थे। 26 दिनों से नारनौल डिपो के महाप्रबंधक का पद रिक्त है। नारनौल डिपो में कार्यरत कर्मचारियों का कहना है कि वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अन्य प्रशासनिक कार्यों और बसों के संचालन में भी बाधा आ रही है। कर्मचारियों ने महाप्रबंधक की नियुक्ति के लिए उपायुक्त को भी ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अभी तक नियुक्ति के लिए कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं।
वर्जन :
महाप्रबंधक की नियुक्ति नहीं होने के कारण कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पाया है। फिलहाल रेवाड़ी डिपो द्वारा नारनौल डिपो के लिए डीजल की आपूर्ति की जा रही है, जिससे कि बसों का संचालन नियमित होता रहे। उम्मीद है जल्द ही महाप्रबंधक की नियुक्ति हो जाए।- ब्रह्मप्रकाश, सीआई, नारनौल डिपो।