महेंद्रगढ़। शहर के मोहल्ला प्रजापति से दोहान नदी तक सड़क निर्माण का कार्य अधर में लटक गया है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। नगर पालिका की ओर से 400 मीटर लंबी सड़क के आधे हिस्से का निर्माण कराया और शेष 200 मीटर सड़क बदहाल स्थिति में पड़ी है।
सड़क निर्माण होने से लोगों को उम्मीद थी कि अब राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आधी सड़क बनाकर आधी छोड़ दी गई।
अधूरी सड़क के कारण जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी होती है। इस मार्ग से पांच हजार से अधिक लोग आवागमन करते हैं।
मोहल्ला प्रजापति से दोहान नदी तक जाने वाला यह मार्ग केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं बल्कि आसपास के 15 से अधिक गांवों के निवासियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। ग्रामीण क्षेत्र के लोग शहर में आने-जाने, बाजार, अस्पताल और अन्य कार्यों के लिए इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।
-
मोहल्ला प्रजापति से दोहान नदी तक सड़क जर्जर हालात में है। जगह-जगह पर गड्ढे बने होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही हैं। नगरपालिका इस सड़क को भी बनाना चाहिए ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो।- लवली प्रजापत, मोहल्लावासी।
टूटी सड़क होने के कारण लोग दूसरे रास्ते का सहारा ले रहे हैं। टूटी सड़क के कारण धूल की समस्या भी बढ़ गई है। हवा के साथ दुकानों में धूल जा रही है। उन्होंने नगरपालिका से मांग की है कि इस सड़क को शीघ्र बनवाया जाए। अमन कुमार, मोहल्लावासी।
-
- वर्जन:
इस रोड निर्माण का शेष कार्य जल्द पूरा कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। शीघ्र ही अधिकारियों से बातचीत करके टेंडर लगाकर इस रोड को बनवा दिया जाएगा ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी ना हो।- रमेश सैनी, चेयरमैन नगरपालिका महेंद्रगढ़