महेंद्रगढ़। गांव पालड़ी पहिनारा में मंगलवार रात्रि को खेत में पशुओं की रखवाली करने जा रहे किसान को स्कार्पियो गाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई मुकेश ने बताया कि वह और उसका साथी बाइक से अपने खेत में पशुओं की रखवाली के लिए जा रहा था। उनके आगे उसका चचेरा भाई उमेद (30) निवासी पालड़ी पहिनारा बाइक पर खेत में जा रहा था। धौली माइनर के पुल के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रही स्कार्पियो ने उमेद की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया और माइनर के खालिये में जा गिरा। घायल उमेद को नागरिक अस्पताल महेंद्रगढ़ लेकर पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृत के भाई मुकेश बयान पर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने स्कार्पियो गाड़ी के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। मृतक खेती बाड़ी का कार्य करता था। उसके एक लड़का और एक लड़की है। पत्नी गृहणी है। मृतक का छोटा भाई गुरुग्राम कंपनी में कार्य करता है।