महेंद्रगढ़। शहर की चामधेड़ा रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने सड़क के साइड में खड़े दो व्यक्तियों को टक्कर मारकर घायल कर दिया। एक्सीडेंट करने के बाद बोलेरो चालक तेज रफ्तार से वहां से भाग निकला। लेकिन बाद में लोगों ने किसी तरह उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया। बोलेरो ड्राइवर की पहचान स्वास्थ्यकर्मी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार चामधेड़ा रोड पर सुबे सिंह पुत्र बनवारी लाल अपने थ्री व्हीलर (विकलांग वाहन) पर सड़क की साइड में खड़ा था। उसके साथ उसका साला नारनौल वासी बंटी भी था। उसी समय शहर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक बोलेरो चालक उनको टक्कर मार दी। जिसमें दोनों घायल हो गए। वहां पर मौजूद लोग ने बाइक पर बोलेरो का पीछा किया। इसी दौरान चालक ने बुंदेबाज नगर चौक के पास बजरी में बोलेरो को फंसा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां पर भी बच्चे खेल रहे थे और हादसे में वे बाल-बाल बचे। इसके बाद में लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। बोलेरो चालक की पहचान करण सिंह वासी जासावास के रूप में हुई है ,जो कि महेंद्रगढ़ के सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मी है। मौके पर पहुंची पुलिस चालक को सरकारी अस्पताल में मेडिकल के लिए लेकर आई, जहां पर उसके ब्लड के सैंपल लिए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्वास्थ्य कर्मी करण सिंह नशे में धुत था और उसकी गाड़ी में शराब की बोतल भी थी। वहीं दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर बंटी के सिर में गंभीर चोट होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं सूबे सिंह के पैर में फ्रेक्चर होने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई थी।