जिले के गांव कालबा के पास पिकअप वाहन ने बाइक सवार देवर-भाभी को टक्कर मार दी। नांगल चौधरी अस्पताल में चिकित्सकों ने देवर को मृत घोषित कर दिया जबकि महिला ने हायर सेंटर ले जाते हुए कोटपुतली के पास दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक अलवर की बानसूर तहसील के गांव ढाणी बड़ा कुआं निवासी बनवारी शुक्रवार को अपनी भाभी रेणु के साथ बाइक पर नांगल चौधरी क्षेत्र के गांव छापड़ा बीबीपुर में अपनी रिश्तेदारी में जा रहा था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह गांव कालबा के पास एक ईंट भट्टे के पास ही पहुंचे थे कि सामने से तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों घायल हो गए।
दोनों को नांगल चौधरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने घायल बनवारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला रेणु को गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजन घायल महिला को जयपुर ले गए। अभी वह कोटपुतली के पास ही पहुंचे थे कि बीच रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस दोनों मृतकों के शव लेकर देर शाम सामान्य अस्पताल पहुंची। शनिवार को चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।
टक्कर मार भाग रहा था पिकअप चालक
पुलिस के मुताबिक बाइक को टक्कर मारने से पहले पिकअप गाड़ी ने गांव लूजोता में एक दुर्घटना को अंजाम दिया था। खुद को फंसता देख उसने लूजोता गांव से पिकअप को दौड़ाया। पिकअप को पकड़ने के लिए उसके पीछे दो बाइक लगी थीं। इसी चक्कर में अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने कालबा के पास बाइक को टक्कर मार दी। घटना से कुछ दूरी बाद ही पिकअप गाड़ी का टायर फट गया। इसी बीच गाड़ी में सवार तीन में से दो व्यक्ति भागने में सफल हो गए। वहीं एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया।