कनीना। एसडीएम और आरओ डॉ. जितेंद्र सिंह ने दो मार्च को होने वाले कनीना नगर पालिका चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि सभी चुनाव अधिकारी पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न करे। चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार प्रक्रिया अपनाई जाए।
अब सभी पोलिंग पार्टियां एक मार्च को अपने बूथ के लिए रवाना होंगी। इस दौरान उन्हें अंतिम प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा वीरवार को ईवीएम की प्रथम चरण की जांच (एफएसएल) भी संबंधित उम्मीदवार व उसके एजेंट की मौजूदगी में कराई गई। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल कनीना में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। नगर पालिका चुनाव के मतदान केंद्र नौ और 13 को संवेदनशील मतदान केंद्र के रूप में चिह्नित किया गया है।
इन केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन मतदाताओं से भी अनुरोध करता है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग करें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने में सहयोग दें। इस मौके पर एआरओ दलबीर सिंह दुग्गल, प्रिंसिपल विक्रम यादव, पूनम, सुरेश, सतीश बेरी, राकेश अन्य अधिकारी मौजूद रहे।