जैश-ए-मोहम्मद का सरगना मसूद अजहर को लेकर केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने चीन पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि चीन पाकिस्तान का दोस्त है, वह उसका ही साथ देगा। उन्होंने कहा कि चीन अपने इंटरेस्ट के लिए कुछ भी कर सकता है। पठानकोट का मास्टर माइंड मसूद अजहर भारत के लिए आतंकवादी है। पाक के समर्थन में अपने रुख पर कायम रहकर चीन का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद का मुखिया और पठानकोट आतंकी हमले का मास्टर माइंड मसूद अजहर आतंकी नहीं है। उस पर यूएनओ द्वारा प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता।
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री रविवार को एक निजी संस्था के कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वन रैंक वन पेंशन पर कहा कि वर्षों से लंबित पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन की मांग केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने मान ली है। इसके लिए नोटिफिकेशन किया जा चुका है। नोटिफिकेशन के बाद भी पूर्व सैनिकों के पास अगर कोई अच्छा सुझाव है तो वे सीधे रक्षामंत्रालय या कमीशन के पास भेज सकता है। इस पर निश्चित सरकार की तरफ अमल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जलवा पूरे विश्व ने मान लिया है। मैं विदेश मंत्री के नातेे बता सकता हूं कि हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशों से भारी संख्या में आगमन के लिए निमंत्रण मिल रहे हैं। इस अवसर पर शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा कि पहले कांग्रेस के शासन में घोटाले व भ्रष्टाचार के कारण भारत की छवि विदेशों में धूमिल हो गई थी लेकिन जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनी है, एक पैसे का भी देश में घोटाला नहीं हुआ। आज भारत की छवि का विदेशों में भी डंका बज रहा है।