नारनौल। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय टास्क फोर्स कमेटी की बैठक ली। बैठक में जिले में चल रहे खनन कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खनन गतिविधियों की जमीनी हकीकत का पता लगाया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी कार्य नियमों के अनुसार ही हों। उन्होंने कहा कि खनन कंपनियां अपने सामाजिक दायित्वों का निर्वहन करें और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। किसी भी सूरत में अवैध खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और प्रशासन अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष में अब तक 105 करोड़ 62 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। बैठक में अंतरराज्यीय सीमा का सीमांकन कराने के लिए भारतीय सर्वेक्षण विभाग को पत्र लिखने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ, एसडीएम महेंद्रगढ़ कनिका गोयल, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह, सीएमओ डॉ. अशोक कुमार, सहायक खनन अभियंता अनिल कुमार, डीडीपीओ हरिप्रकाश बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।