संवाद न्यूज एजेंसी
नारनौल। भारत निर्वाचन आयोग के उप चुनाव आयुक्त हृदेश कुमार व हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए राज्य के सभी जिला निर्वाचन अधिकारी और रिटर्निंग अधिकारियों के साथ मतगणना की तैयारी की समीक्षा बैठक की भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र की रिटर्निंग आफिसर एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता ने 4 जून को होने वाली मतगणना के संबंध में की गई तैयारियों की जानकारी दी।
इसके बाद डीसी मोनिका गुप्ता ने अधिकारियों की बैठक में चुनाव आयोग के निर्देशानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतगणना प्रक्रिया के बारे में बताया कि हर राउंड की गिनती के बाद आंकड़े ईसीआई के एनकोर पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। इस कार्य को पूरी सावधानी के साथ करें। इस कार्य को एआरओ की तकनीकी टीमें करेंगी। इसके बाद चुनाव आयोग की वेबसाइट पर परिणाम दिखाई देंगे। उन्होंने सभी एआरओ को निर्देश दिए कि अपने मतगणना अधिकारियों को अच्छी तरह से प्रशिक्षण दें ताकि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल करवा, एसडीएम महेंद्रगढ़ संजीव कुमार, एसडीएम कनीना सुरेंद्र कुमार, एसडीएम नारनौल डॉ. जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी मयंक भारद्वाज, नगराधीश मंजीत कुमार, तहसीलदार निशा तथा तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह व डीआईओ हरीश शर्मा के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।