जिले की चार विधानसभा सीटों में से तीन पर भाजपा ने जीत दर्ज की। हालांकि महेंद्रगढ़ विस क्षेत्र से पार्टी के कद्दावर नेता रामबिलास शर्मा को हार का सामना करना पड़ा। बीजेपी को अटेली, नारनौल व नांगल चौधरी विस क्षेत्र से लगाकर दूसरी बार जीत मिली है। नारनौल विस में बीजेपी की यह तीसरी जीत है। वहीं महेंद्रगढ़ में छठी बार कमल नहीं खिल पाया। नारनौल विस में बीजेपी के ओपी यादव ने 14715 वोट से जीत दर्ज की। नांगल चौधरी से पार्टी प्रत्याशी डॉ. अभय सिंह 20145 व अटेली से सीताराम 17840 वोट से जीते। हालांकि महेंद्रगढ़ से रामबिलास शर्मा कांग्रेस के राव दान सिंह से 10220 वोटों से हार गए।
विधानसभा चुनावों के लिए मतगणना कार्य वीरवार सुबह आठ बजे पीआर सेंटर व गर्ल्स आईटीआई में शुरू हुआ। मतगणना के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। मतगणना के पहले रुझान नारनौल से आने शुरू हुए। यहां से पहले ही राउंड में ओम प्रकाश ने अपनी बढ़त बना ली थी, जो कि आखिर तक जारी रही। वहीं महेंद्रगढ़ व नांगल चौधरी के रुझान देर से आने शुरू हुए। नारनौल में ओमप्रकाश ने, जबकि नांगल चौधरी में डॉ. अभय सिंह बढ़त बना ली थी। नारनौल विधानसभा का रिजल्ट सबसे पहले घोषित किया गया। इधर, अटेली विधानसभा में देर शाम भाजपा प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
नारनौल से ओम प्रकाश ने तीसरी बार भाजपा को जिताया
नारनौल विस का पहला रुझान सवा नौ बजे आया। इसमें बीजेपी प्रत्याशी ओम प्रकाश यादव को 4135, कांग्रेस राव नरेंद्र सिंह को 2481 और जजपा के कमलेश को 831 वोट मिले। नौ बजकर 33 मिनट पर दोबारा रुझान आया। इसमें भी बीजेपी को बढ़त जारी रही। इसमें बीजेपी का 7082, कांग्रेस को 4626 व जजपा 3798 वोट मिले। पौने दस बजे के रुझान में बीजेपी 10947, कांग्रेस को 6846 व जजपा को 5627 वोट मिले। बीजेपी दोपहर 12 बजे तक काफी लीड ले चुकी थी। बीजेपी को 42732 वोट मिले थे। दूसरे नंबर पर जजपा को 28017 वोट मिले। नारनौल विस से बीजेपी ने ओम प्रकाश ने 14715 वोट से जीत दर्ज की। बता दें कि इससे पहले नारनौल से साल 1987 कैलाश चंद्र शर्मा बीजेपी से जीते थे। इसके बाद साल 2014 में ओम प्रकाश यादव जीते थे।
बीजेपी के कद्दावर नेता रामबिलास का किला ढहा
कांग्रेस के प्रत्याशी राव दान सिंह ने भाजपा के दिग्गज नेता और मनोहरलाल सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे रामबिलास शर्मा को 10311 वोट पराजित कर दिया। इसके साथ ही राव दान सिंह ने पूर्व शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा को चौथी बार हराया। महेंद्रगढ़ की जनता ने एक बार फिर से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह पर भरोसा जताया। राव दान सिंह को 45564 वोट मिले। रामबिलास शर्मा को 35253 वोट मिले। विधानसभा चुनाव में राव दान सिंह और रामबिलास शर्मा की पिछले 23 साल से आमने -सामने की टक्कर रहती है। रामबिलास शर्मा इस सीट पर कुल 10 बार मैदान में उतरे हैं। जिसमें वह पांच बार जीते और पांच बार हारे हैं। वर्ष 2014 के चुनाव में रामबिलास जीते थे।
नांगल चौधरी से डॉ. अभय सिंह दूसरी बार बने भाजपा विधायक
साल 2008 में हुए परिसीमन के बाद नांगल चौधरी विधानसभा का गठन हुआ था। नांगल चौधरी में तीसरी बार विधानसभा चुनाव हुए। इसमें बीजेपी प्रत्याशी पूर्व आईएएस अधिकारी डॉ. अभय सिंह यादव ने जजपा प्रत्याशी मूलाराम को हराया। नांगल चौधरी विस से बीजेपी ने शुरू से बढ़त बना रखी थी, जो अंत तक जारी रही। अभय सिंह ने 54951 वोट तो दूसरे नंबर जेजेपी के मूलाराम को 34806 वोट मिले। बीजेेपी प्रत्याशी ने 20145 वोट से जीत दर्ज की। यहां पर साल 2009 में इनेलो से राव बहादुर सिंह जीते थे। इसके बाद साल 2014 में बीजेपी से डॉ. अभय सिंह ने जीत दर्ज की थी। अभय को पार्टी से दोबारा मैदान में उतारा था। नांगल चौधरी में बीजेपी ने लगातार दूसरी जीत है।
अटेली विधानसभा
अटेली विस से बीजेपी व बीएसपी के बीच कांटे की टक्कर हुई। इसमें कभी बीजेपी के सीताराम तो कभी बीएसपी के ठाकुर अतरलाल एक-दूसरे से आगे होते रहे। एक समय तो दोनों के बीच का अंतर 134 वोटों का ही रह गया था। हालांकि अंत में बीजेपी को बढ़त मिलनी शुरू हो गई। शाम को तकनीकी कारणों से नौ बजे के बाद अटेली का रिजल्ट जारी हुआ। बीजेपी के सीताराम को पहले राउंड में 2940, दूसरे में 2463, तीसरे मे 2862 व चौथे में 3397 वोट मिले। वहीं बसपा के ठाकुर अतरलाल को पहले राउंड में 1565, दूसरे में 3298, तीसरे में 4221 व चौथे में 2444 व पांचवें राउंड में 1547 वोट मिले। 13वें राउंड में सीताराम को करीब 13 हजार की बढ़त मिल चुकी थी। 14वें राउंड में बीएसपी को 32204 व बीजेपी को 47657 वोट मिले। फाइनल राउंड में सीताराम को 54530 व अतरलाल को 37311 वोट मिले। इसमें बीजेपी प्रत्याशी ने 17840 वोटों से जीत दर्ज की। इसमें बैलेट पेपर के वोट नहीं शामिल हैं। हालांकि पिछली बार बीजेपी से संतोष यादव 48601 वोटों से जीती थीं।
विधानसभा नारनौल-
विजेता प्रत्याशी
ओपी यादव, बीजेपी
मिले वोट-42731
दूरे स्थान पर
जजपा- कमलेश
मिले वोट-28017
जीत-14715
--------
नांगल चौधरी विस-
डॉ. अभय सिंह बीजेपी
मिले वोट- 54951
मूलराम, जजपा
मिले वोट- 34806
जीत -20145
----------------
महेंद्रगढ़ विधानसभा
राव दान सिंह- कांग्रेस
मिले वोट- 46478
राम बिलास शर्मा, बीजेपी
मिले वोट- 36258
जीत-10220
-------------------
नांगल चौधरी विस
सीताराम यादव- बीजेपी
मिले वोट-54530
अतर लाल, बीएसपी
मिले वोट-37311
जीत- 17219