नारनौल। मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराने से वंचित रहे किसानों के लिए प्रदेश सरकार ने इस पोर्टल को दोबारा खोलने का फैसला लिया है। यह केवल उन्हीं गांवों के लिए खोला जाएगा जहां नुकसान हुआ है। इसकी लिस्ट जिलों से आएगी। इस पोर्टल पर पंजीकृत होने के बाद ये किसान अब क्षतिपूर्ति पोर्टल पर अपनी फसल में हुए नुकसान का ब्योरा भर सकेंगे। इसी संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के वित्तायुक्त टीवीएसएन प्रसाद ने राज्य के सभी उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। प्रसाद ने कहा कि बेमौसम बरसात तथा ओलावृष्टि के कारण राज्य के कई हिस्सों में फसलों को भारी नुकसान हुआ है। प्रदेश किसानों को पूरे पारदर्शी तरीके से मुआवजा देगी। सरकार ने पहले ही स्पेशल गिरदावरी के आदेश दिए हुए हैं।
अब मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल नुकसान वाले गांवों के लिए खोला जाएगा। खुलने के बाद ये किसान जल्द अपना पंजीकरण करवाएं और क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान की सूचना दें। उन्होंने बताया कि जिन बीमित किसानों ने अभी तक कृषि विभाग में आवेदन नहीं किया है वे जल्द अपना आवेदन नजदीकी कार्यालय तथा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से करें।
इसके अलावा जो किसान कृषि विभाग के कार्यालय में नहीं जा सकते वे घर बैठे भी पीएमएफबीवाई डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकता है। दूसरी तरफ किसानों की सहूलियत के लिए क्रॉप इंश्योरेंस एप भी बनाया गया है। इस एप के माध्यम से भी किसान तुरंत अपनी फसल की जानकारी दें। उन्होंने बताया कि जो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित नहीं है वे अपने फसल की जानकारी क्षतिपूर्ति पोर्टल के माध्यम से दें। इस बैठक में एसडीएम महेंद्रगढ़ हर्षित कुमार, एसडीएम नारनौल मनोज कुमार तथा एसडीएम कनीना सुरेंद्र कुमार के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।