लघु सचिवालय परिसर की पार्किंग भवन में बृहस्पतिवार को बाइक से तेल निकाल रहे एक किशोर को पुलिसकर्मी ने पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी भाग गया। पुलिस ने किशोर से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह एक चिकित्सक का बेटा है, जबकि भागने वाले किशोर को उसने एक रिटायर्ड पुलिस अधिकारी का बेटा बताया। किशोर की मां को बुलाकर पुलिस ने आरोपी को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
दोपहर में पार्किंग में खड़ी एक बाइक से दो किशोर पेट्रोल निकाल रहे थे। यह बाइक एक पुलिस कर्मचारी की थी। वह बाइक लेने पहुंचा तो उसने देखा कि दो किशोर तेल निकाल रहे है। पुलिसकर्मी को देखकर दोनों बच्चे भागने लगे। उसने एक किशोर को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भाग गया।
पकड़े गए किशोर को वह एसपी ऑफिस के पास रीडर के कमरे में ले गया। घटना की जानकारी सिटी एसएचओ को दी गई। एसएचओ रमेशचंद ने उससे पूछताछ की। पूछताछ में किशोर ने बताया कि वह शहर के एक चिकित्सक का बेटा है और उसकी मां भी जॉब करती है। किशोर ने एसएचओ को बताया कि भागने वाला उसका साथी रिटायर्ड एक पुलिस अधिकारी का बेटा है।
बच्चे का कहना था कि उसने केवल बोतल पकड़ी थी तेल उसके साथी ने निकाला है। इस घटना की जानकारी पकड़े गए लड़के के परिजनों को दी गई। सूचना पर एसपी ऑफिस के रीडर भवन में बच्चे की मां पहुंची, जहां उन्होंने बेटे को खूब डांट लगाई। महकमे के रिटायर्ड अधिकारी के बेटे का नाम आने के बाद पुलिस इस मामले को दबाने में जुट गई। मीडिया से मामले को छुपाकर रखा गया। आरोपी किशोर को पुलिस ने चेतावनी देकर छोड़ दिया है। इस संबंध में एसपी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।